पटना में अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, आंधी के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी

पटना। राजधानी समेत प्रदेश में मानसून का प्रभाव बना हुआ है। इसके कारण राज्य में वर्षा का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को पटना व आसापास के इलाकों में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रही। रुक-रुककर हल्की वर्षा होने से मौसम सामान्य बना रहा। शाम में राजधानी व आसपास के इलाकों में वर्षा हुई, जिससे राजधानी समेत 32 जिलों के तापमान में गिरावट आई है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पटना समेत शेष जिलों में हल्की वर्षा, मेघ गर्जन व वज्रपात की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान बक्सर, भोजपुर, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, नवादा, भागलपुर, मुंगेर, पूर्वी चंपारण के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी समेत दक्षिणी व उत्तरी भागों के अनेक स्थानों पर वर्षा होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान मुंगेर के तारापुर में सर्वाधिक वर्षा 51.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी में 9.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, पेंड्रा रोड, जमशेदपुर, दीघा होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक प्रभावी है। इसके प्रभाव से उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण मध्य, दक्षिण पूर्व भागों में झमाझम वर्षा की संभावना है। उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चौबीस घंटे में अनेक स्थानों पर हल्की-हल्की वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा भी हो सकती है। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के द्वारा शुक्रवार को जारी मौसम पूवार्नुमान में कहा गया है कि उत्तर बिहार के जिलों में हल्के से मध्यम बादल छाये रह सकते हैं। इस अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में अनेक स्थानों पर अगले 24 घंटों में हल्की-हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि तराई तथा मैदानी भागों के जिलों के कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद वर्षा की सक्रियता में कमी आएगी।

About Post Author

You may have missed