प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ आफत बनी आंधी-बारिश; गोपालगंज और सीवान में 3 लोगों की मौत, कई घायल

पटना। सूबे में मानसून की दस्तक के बाद आंधी और बारिश अब आफत बन चुकी है। जानकारी के अनुसार, बीते दिनों गोपालगंज और सीवान में शाम आंधी और बारिश की चपेट में आने से अलग-अलग जगहों पर तीन लोगों की मौत हो गई। इस दौरान दो महिलाएं और एक बच्चे के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा हैं की गोपालगंज जिले में उचकागांव थाना इलाके के परसौनी गांव में आंधी के दौरान पेड़ गिरने से धर्मेंद्र महतो नाम का एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। उसकी उम्र 45 साल थी। वही थावे थाना इलाके के विदेशी टोला गांव में बारिश की वजह से दीवार गिर गई। मलबे में दबने से 50 साल की एक महिला घायल हो गई। उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

इसके साथ-साथ उचकागांव के पाखोपाली में भी आंधी की वजह से दीवार गिर गई। इस दौरान एक महिला और उसके बेटा घायल हो गया। नगर थाना इलाके के बसडिला गांव में तेज आंधी के दौरान छत पर खड़ी एक महिला नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही दूसरी ओर, सीवान जिले में भी बुधवार को आंधी और बारिश का कहर देखने को मिला। जिले के मुहम्मदपुर गांव में बुधवार शाम आंधी की चपेट में आने से एक दीवार गिर गई और रास्ते पर चल रही एक महिला इसकी चपेट में आ गई। जिसके बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

About Post Author