November 20, 2025

खगड़िया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पार्टी कर रहे मुखिया समेत 4 लोगों को किया गिरफ्तार

खगड़िया, बिहार। खगड़िया में गुरुवार को पुलिस ने मुखिया अरुण कुमार साह के साथ ग्राम कचहरी के सचिव और दो मुखिया समर्थक को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सभी की जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। पकड़े जाने के बाद आरोपी मुखिया ने अस्पताल में जमकर हंगामा भी किया। साथ ही सहयोगियों के साथ भागने की कोशिश भी की। दरअसल, पकरैल पंचायत के मुखिया अरुण कुमार साह अपने ही ग्राम कचहरी के सचिव आमोद कुमार समेत दो अन्य लोगों के साथ गुरुवार की देर शाम शराब पार्टी कर रहे थे। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। पुलिस ने छापेमारी की तो सभी को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया।

महेशखूंट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लेवा गांव में पकरैल पंचायत के वर्तमान मुखिया सह बेलदौर के गांधी चौक निवासी अरुण कुमार साव, पकरैल ग्राम कचहरी के सचिव अमोद कुमार, लेवा गांव निवासी टुनटुन शर्मा और मंटू साव शराब पार्टी कर रहे हैं। गुरुवार की देर रात में ही पुलिस सभी को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाई। इसके बाद मुखिया अपने सहयोगियों के साथ भागने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस ने सभी को फिर से पकड़ लिया। सदर अस्पताल में जांच के लिए लाए गए मुखिया अरुण कुमार साह और उनके सहयोगियों ने हंगामा भी किया। इससे अस्पतालकर्मियों और मरीजों को काफी परेशानी हुई। शराब की नशे में धुत मुखिया ने पुलिस पर ही शराब भेजने का आरोप लगाया। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पुलिस पर कार्रवाई करने की भी मांग की।

You may have missed