February 18, 2026

RCP बोले- परिवारवादी पाटियां लोकतंत्र के लिए खतरा, चार लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य

पटना। परिवारवादी पार्टियों से लोकतंत्र को खतरा है। इससे लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो रही है और पार्टियों में कार्यकर्ताओं का मान घट रहा है। इसके चलते 80 साल बूढे कार्यकर्ता को भी 22 साल के नौजवान की जी-हजुरी करनी पड़ी है। ये बातें केन्द्रीय इस्पात मंत्री व जदयू के वरीय नेता रामचन्द्र प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को पटना आवास पर अपने शुभचिंतकों से मिलने के बाद प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा। इस मौके पर पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह, वरीय नेता शिक्षाविद कन्हैया सिंह, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, डॉ. विपिन यादव व प्रवक्ता प्रगति मेहता व डॉ. रणवीर नंदन उनके साथ थे।
एक साल तक घूमकर बताएंगे सीएम नीतीश के कार्यों
आरसीपी सिंह ने ऐलान किया कि वे अपने शुभचिंतकों के साथ इस साल पूरे बिहार के हर गांव, पंचायत, नगर व प्रखंड में एक साल तक घूमकर सीएम नीतीश द्वारा बिहार के हित में किए गये कार्यो को बताएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का व्यक्तित्व बहुत ही विशाल है। अब उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को बिहार के हर घर तक पहुंचाया जाएगा। हमारे नेतृत्व में शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं व नेताओं की पूरी टीम घर घर जाकर बताएगी कि नीतीश कुमार ने उनके लिए क्या-क्या काम किए हैं। साथ ही उन लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम भी किया जाएगा।
चार लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि इस दरम्यान इस साल चार लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य है। कहा कि वह एनडीए सरकार की तरफ से किए जा रहे कार्यो का लेखा-जोखा लेकर आम लोगों के बीच जाएंगे। श्री सिंह ने कहा कि हमारा काम संगठन को मजबूत बनाना है। केंद्र में मंत्री के तौर पर वह काम करेंगे ही, साथ ही पार्टी की मजबूती के लिए भी वह काम करते रहेंगे। इसका लाभ हमें 2024 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिलेगा। उनसे पूछा गया कि इस अभियान का नेतृत्व कौन करेगा तो उन्होंने साफ कहा कि जब वह खुद हैं तो दूसरा और कौन नेतृत्व कर सकता है। विशेष राज्य के दर्जे पर श्री सिंह ने कहा कि जिन क्षेत्रों में हम पिछड़े हैं, उसमें सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बजट में हर राज्य यह मांग करता है कि उनके लिए भी अलग से व्यवस्था की जाना चाहिए, लेकिन ऐसा होता है क्या। हमलोग तो विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर 2010 से ही लगातार अभियान चला रहे हैं। लेकिन, इतना जरुर है कि हमें सुविधाएं मिलनी चाहिए।
बिहार में औद्योगिक क्रांति की जरूरत
आरसीपी ने कहा है कि बिहार में औद्योगिक क्रांति की जरूरत है। राज्य के अंदर युवाओं के बीच उद्योग धंधों को लेकर भूख पैदा करने की आवश्यकता है। हमारे यहां के युवा दिल्ली और बाकी राज्यों में जाकर काम करते हैं। उनके अंदर उद्यमिता की भावना विकसित करना है।
प्लास्टिक कचरे व स्टील के स्कै्रप से बनेगा इस्पात
उन्होंने आगे कहा कि अब प्लास्टिक कचरे व स्टील के स्कै्रप से इस्पात बनाया जाएगा। इससे कचरे से धन बनाने की तकनीक विकसित होगी। उन्होंने कहा कि गया के गमहड़िया में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित हो रहा है, वहां ध्यान रखना है कि ज्यादा से ज्यादा मदर उद्योग लगे। उन्होंने कहा कि उनके मंत्री बनने के बाद लौह अयस्क के दर में 2.5 हजार प्रति क्विंटल की कमी हुई है और बिहार में कौन-कौन से माइनिंग अयस्क है, उसका पता एनएमडीसी पता लगा रही है। जल्द ही इसका फलाफल सामने आएगा।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मंत्री सुमित कुमार सिंह, विधायक कौशल किशोर, विधान पार्षद रामेश्वर महतो, पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, प्रो. सुहैली मेहता, अरुणा देवी, संतोष कुशवाहा, सागरिका चौधरी, पूजा शर्मा, श्याम पटेल, अंकित तिवारी, सादाब आलम, मोहित प्रकाश, अलखजेंडर खान, पप्पू निषाद, डॉ. ललिता, प्रमिला प्रजापति, अशोक वर्मा, अंजुम आरा, राजेश पाल, विजय शर्मा, सन्नी पटेल, उपेन्द्र विभूति, प्रवीण चन्द्रवंशी, प्रवीण सिंह, नीतीश कुमार टनटन, संजय मालाकार, अमर कुमार सिंहा, पूनम झा, राधेश्याम, धीरज पांडेय,दीपक निषाद, रौशन मंडल, प्रवीण आंनद, चन्द्रिका सिंह दांगी सहित हजारों की संख्या में जदयू कार्यकर्ताओं ने आरसीपी सिंह से मिलकर उन्हें बधाई दी।

You may have missed