खबरें फतुहा की : शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, कंबल वितरित, लाखों की गहने चोरी, जनता दरबार
शराब खोजने के सरकारी आदेश के बाद शिक्षकों ने किया रोषपूर्ण प्रदर्शन
फतुहा। शराब खोजे जाने के सरकारी आदेश आने के बाद प्रखंड के शिक्षक भड़क गये। शनिवार को फतुहा बीआरसी भवन के आगे शिक्षकों ने रोषपूर्ण प्रदर्शन किया तो सरकारी आदेश के छायाप्रति को जलाकर सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। शिक्षकों ने बताया कि शिक्षक सामाज के आदर्श होते हैं। इस स्थिति में शिक्षकों के लिए शराब खोजना तथा धंधेबाज की सूचना देना अपमान के समान है। शिक्षकों ने सरकार से आदेश पर फिर से विचार कर वापस लेने की मांग की है। शिक्षकों के मुताबिक यदि यह आदेश वापस नहीं लिया तो सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर प्रखंड के दर्जनों शिक्षक मौजूद थे।

दिव्यांगों के बीच कंबल का वितरण
फतुहा। लाइफ लाईन आक्सीजन बैंक फतुहा की ओर से कबीर मठ दरियापुर में दर्जनों दिव्यांगों के बीच सुधा पांडेय, विद्युत विभाग के एसडीओ संजय कुमार, लेखापाल अजित प्रसाद ने गर्म कपड़ा और कंबल का वितरण किया। मौके पर उपस्थित विद्युत एसडीओ संजय कुमार ने बैंक की कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, नर ही नारायण है। उन्होंने आगे भी बैंक को सहयोग का आश्वासन दिया है। वहीं प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक गांधीवादी प्रेम जी ने कहा कि बैंक लोगों को सर्वोत्तम सेवा प्रदान कर रहा है। बैंक के सचिव शिशुपाल ने बताया कि आगे भी वस्त्र वितरण का कार्य जारी रहेगा। सह सचिव कपिलदेव प्रसाद ने कहा कि बैंक 24 घंटे जरूरतमंदों के लिए तैयार है। इस मौके पर बैंक के सलाहकार समिति के संयोजक श्यामसुंदर केसरी, सदस्य भूषण प्रसाद, नेहरू युवा केन्द्र पटना के एनवाईवी रवि प्रकाश, आर्यन कुमार मौजूद थे।
बंद घर का ताला काटकर नकदी समेत लाखों की गहने चोरी
फतुहा। शनिवार को फतुहा के किसमिरिया गांव में भी बंद घर से ताला काटकर नकदी समेत लाख रुपए की गहने चोरी कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में घर मालिक अनिल कुमार सिन्हा ने थाने में शिकायत दर्ज करायी है। दर्ज शिकायत के आलोक में बताया जाता है कि घर मालिक अनिल कुमार दो दिन पहले अपने परिवार के साथ ससुराल वैशाली जिले के मंझौली गांव गये हुए थे। शनिवार को सुबह उनके चचेरे भाई से जानकारी मिली कि उनके घर का ताला कटा हुआ है। घटना की जानकारी होते ही घर पहुंचा तो देखा कि घर का ताला कटा हुआ है तथा घर के अंदर रखे थैले से पन्द्रह हजार रुपए व सोने की चेन, कानबाली व पायल गायब थे। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
थाना परिसर में जनता दरबार लगाया गया
फतुहा। शनिवार को भूमि विवाद से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए थाना परिसर में जनता दरबार लगाया गया। भूमि विवाद से सम्बंधित कई मामले आए, जिसे सीओ अनीता भारती के द्वारा कागजातों की जांच कर निष्पादन कर दिया गया। मौके पर पुलिस पदाधिकारी के रुप में एस आई ललित विजय मौजूद थे।

