गैंगवार में दहला पटना सिटी : मस्तू वर्मा और साथी की गोली मारकर हत्या, क्रेटा कार से दिल्ली जाने के लिए निकले थे
पटना सिटी। शनिवार देर शाम हुए गैंगवार में दो लोगों की मौत से पटना सिटी दहल उठा। बेखौफ अपराधियों ने दो कार सवार की गोली मारकर हत्या कर दी है। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इलाज के लिए दोनों को एनएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों की मौत हो गई। दोनों की पहचान अभिषेक वर्मा उर्फ मस्तू वर्मा और साथी सुनील कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मस्तू वर्मा पटना सिटी के जंगली प्रसाद लेन का रहने वाला था, जबकि सुनील चौक शिकारपुर का निवासी था। मस्तू ने हाल में ही ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की सदस्यता ली थी। कहा यह भी जा रहा है कि पटना सिटी से दोनों क्रेटा कार से दिल्ली जाने के लिए शनिवार की शाम निकले थे और 6.30 बजे यह घटना घटित हुई।


मिली जानकारी के अनुसार, पटना सिटी के अगमकुआं व बाईपास थाना क्षेत्र के कसेरा आयरन के समीप बाइक सवार अपराधियों ने कार का पीछा कर घेर लिया। कार में आगे दो लोग मस्तू वर्मा और उसके दोस्त सुनील सवार थे, जबकि कार के पीछे की सीट पर सुनील कुमार की पत्नी आभा निशा, उसकी बच्ची, ननद और उसका बच्चा बैठा था, जो सुरक्षित हैं। दोनों इसके पहले संभल पाते, तब तक बाइक सवार अपराधियों ने मस्तू वर्मा को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोली चलाना शुरू कर दिया। अपराधियों द्वारा 6 से ज्यादा गोली चलाने की बात सामने आ रही है। इस घटना में मस्तू के सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये। घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोग दोनों युवकों को एनएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों की मौत की पुष्टि कर दी। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी है। परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। लेकिन पुरानी रंजिश व जमीन विवाद की बातें सामने आ रही है। कहा यह भी जा रहा है कि मृतक मस्तू वर्मा का क्राइम रिकार्ड भी रहा है। मस्तू वर्मा गुंजन खेमका हत्याकांड का आरोपित था। साथ ही उस पर कई थानों में मामले दर्ज थे। पुलिस हर एंगल पर जांच में जुटी है।
बताया जाता है कि बीते मंगलवार को पटना में आयोजित मिलन समारोह में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक अभिषेक ने समाजसेवी अभिषेक वर्मा उर्फ मस्तू वर्मा समेत तीन लोगों को संस्था की सदस्यता दिलायी थी। मस्तू वर्मा नयी दिल्ली के तालटकटोरा स्टेडियम में 19 दिसंबर को होने वाले विश्व कायस्थ महासम्मेलन में शिरकत करने के लिये पटना सिटी क्षेत्र के कायस्थ समाज के लोगों से भाग लेने के लिए अपील कर रहे थे।

