जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का लालू परिवार पर बड़ा हमला, कहा- NRI बिहारी है लालू परिवार साइबेरियन पक्षी की तरह आते हैं बिहार
पटना। बिहार की दो विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे आने के अगले दिन लालू यादव अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली लौट गए हैं। हालांकि उनके जाने के बाद बिहार में सियायत तेज हो गई है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने लालू परिवार पर जमकर हमला बोला है। ललन सिंह ने कहा कि इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है। यह तो होना ही था। वे लोग बिहार में कब रहते हैं। बाढ़ आती है तो तब वह लोग बिहार से बाहर रहते हैं, कोरोना महामारी के समय पर भी लालू परिवार दिल्ली में था। उन्होंने कहा कि चुनाव आया तो प्रचार करने आ गए।

इतना ही नही तंज कसते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लालू फैमिली नॉन रेजिडेंट बिहारी है। नीतीश कुमार पूरे बिहार की चिंता करते हैं जबकि लालू यादव अपना घर भरने की चिंता करते हैं। उन्होंने लालू परिवार की तुलना साइबेरियन पक्षी से करते हुए कहा कि जैसे ठंड के मौसम में साइबेरियन पक्षी भारत आते हैं और ठंड के जाते ही वापस चले जाते हैं उसी तरह लालू परिवार है। ललन सिंह ने कहा कि लालू और तेजस्वी यादव को न तो बिहार से और न ही इसके विकास से प्यार है। उन्हें बिहार के लोगों से भी प्रेम नहीं है। उन्हें केवल सत्ता सुख चाहिए।

