PATNA : बाइपास पर ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचला, एक की मौत, लोगों ने ट्रक में लगायी आग, सड़क जाम

पटना। राजधानी पटना के बाइपास पर तेज रफ्तार का कहर जारी है। शनिवार को अगमकुआं थाना क्षेत्र के चमन चौक के नजदीक एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को घायल अवस्था में पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जाती है। वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने भाग रहे ट्रक को खदेड़कर पकड़ लिया और उसे आग के हवाले कर दिया।


मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से बिहार शरीफ से पटना आ रहे थे। अगमकुआं थाना क्षेत्र के चमन चौक के पास दोपहर में अनाज से भरा एक ट्रक तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल कर भागने लगा। लेकिन लोगों ने ट्रक को खदेड़कर पकड़ लिया और उसमें आग लगा दी। वहीं हादसा में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई जबकि एक युवक को गंभीर स्थिति में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। लोगों ने कहा कि गाड़ी नंबर से यह प्रतीत होता है कि दोनों बिहारशरीफ के निवासी हैं।
वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने पटना-गया मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। कई वाहनों के शीशे तोड़ डाले। जिससे वाहनों की लंबी कतारे घंटों समय तक लगी रही। घटना की सूचना मिलते ही अगमकुआं थाना, पत्रकार नगर थाना सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास करने लगी, लेकिन पुलिस को भी लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक आसपास के लोग बाइपास पर सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे।

You may have missed