राजद के रवैए से गुस्से में कांग्रेस,दोनों सीटों पर उतार सकती हैं प्रत्याशी,कल होगी घोषणा
पटना।बिहार विधानसभा के 2 सीटों के उपचुनाव को लेकर महागठबंधन के दोनों प्रमुख दल राजद तथा कांग्रेस के बीच महाभारत की स्थिति उत्पन्न हो गई है।राजद ने जहां एक तरफा दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।वहीं सहयोगी दल कांग्रेस ने राजद को अल्टीमेटम दिया है कि अगर राजद एक सीट कांग्रेस को नहीं देती है।तो कांग्रेस भी दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस ने राजद को अल्टीमेटम भी दे दिया है कि अगर राजद आगामी 24 घंटे के अन्दर अपने कुशेश्वरस्थान सीट से अपने उम्मीदवार का नाम वापस नहीं लेती है।तो कल ही कांग्रेस दोनों सीटों पर उम्मीदवार का घोषणा कर देगी।बिहार कांग्रेस में इस बात पर सहमती बन गई है।इसका प्रस्ताव दिल्ली में आलाकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी को भेजा जा चुका है।पार्टी दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।दरअसल बिहार में कुशेश्वरस्थान औऱ तारापुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है।पिछले विधानसभा चुनाव में कुशेश्वरस्थान सीट पर कांग्रेस ने उम्मीदवार दिया था तो तारापुर से राजद ने।हालांकि दोनों सीटों पर हार ही मिली थी। इन दोनों सीटों पर चुने गये जेडीयू विधायकों के निधन के बाद उप चुनाव हो रहा है।कांग्रेस को उम्मीद थी कि 2020 के विधानसभा चुनाव की तरह इस उप चुनाव में भी राजद उसके लिए ये सीट छोड़ेगी। लेकिन राजद ने तारापुर के साथ साथ कुशेश्वरस्थान से भी उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया। दोनों सीटों पर राजद के द्वारा अपने प्रत्याशी घोषित कर देने के बाद कांग्रेसी खेमे में उबाल की स्थिति कायम हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं का मानना है कि ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस को गठबंधन धर्म की चिंता छोड़ कर दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े कर देने चाहिए। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने इस को लेकर बयान भी दे दिया।माना जा रहा है कि कल तक कांग्रेस कुशेश्वरस्थान तथा तारापुर विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर कोई बड़ा फैसला लेगी।


