February 12, 2026

प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन समारोह में बोले तेजस्वी : RJD को मजबूत करें तो सभी सीट पर उतारेंगे अपना उम्मीदवार

  • पार्टी संगठन मजबूत होगा तभी समर्पित कार्यकर्ताओं को दे पाएंगे सम्मानजनक स्थान

पटना (अजीत)। बिहार में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव को लेकर महागठबंधन में चल रही खींचतान के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राजद के कार्यकर्ता संगठन को बूथ व पंचायत स्तर पर मजबूत करें। सभी वर्ग, तबके, जाति, धर्म को राजद से जोड़ें और संगठन का विस्तार करें। राजद मजबूत होगा तब सभी सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेंगे। मौका था उत्तर बिहार के सभी जिला अध्यक्ष, जिला प्रधान महासचिव, प्रखंड अध्यक्ष के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन समारोह का।
पार्टी प्रत्याशी को जिताने की जिम्मेदारी आपकी
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब हम बूथ जीतेंगे तभी चुनाव जीतेंगे और सरकार बना पाएंगे। नकारात्मक सोंच को छोड़ें, सकारात्मक रूप से खुले दिमाग से सब की बातों को सुने। उन्होंने कहा कि पार्टी तारापुर एवं कुशेश्वर स्थान चुनाव क्षेत्र से उप चुनाव लड़ेगी। पार्टी के प्रत्याशी को जिताने की जिम्मेदारी आपकी है। आपको ये संकल्प लेना होगा कि हम सभी मतभेद को भूल कर राजद उमीदवार को भारी बहुमत से जिताएंगे। आप से ही राजद है। आप पार्टी के मेरुदंड हैं। पार्टी, संगठन मे आपकी बड़ी भूमिका है। हमारा संगठन मजबूत होगा तभी हम सभी सीट से चुनाव लड़ पाएंगे और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता को सम्मान जनक स्थान पर बैठा पाएंगे।


अनुभव को जान कर प्रेरणा लें
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अलग-अलग विषय पर विस्तार से बातें होगी और संगठन को मजबूत करने एवं पार्टी में अनुशासन विषय पर चर्चा होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आप पूरे मनोयोग से सभी वक्ताओं की बात को सुने और इनके अनुभव को जान कर इससे प्रेरणा लें। इसका उपयोग पार्टी को मजबूत बनाने में करें। उन्होंने लखीमपुर खीरी के शहीद किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं नेता प्रतिपक्ष ने बारी-बारी से बंद कमरे में अलग-अलग जिला अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष से मुलाकात कर बातें की और उनकी समस्याओं को सुना।
जगदानंद बोले, समस्या का हल साथियों को मिलकर निकालना
वहीं प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि आज के सीधे संवाद से आपको जो संदेश मिले, उसे जन जन तक पहुचायें। आपकी जिम्मेदारी सिर्फ चुनाव लड़ने और लड़ाने के साथ-साथ समाज की समस्याओं को दूर करने की भी है। समय लगा कर चर्चा में ध्यान लगाएं, सभी समस्या का हल सभी साथियों को मिलकर निकालना है। आज आम जन का विरोध करने वाले अपनी नीति चला रहे हैं। जुल्म ढाह रहे हैं। सदियों की लड़ाई परिणाम पर पहुंचे इसके लिये संगठन को मजबूत करनी होगी।
ये नेता रहे मौजूद
प्रशिक्षण शिविर को शिवानंद तिवारी, अब्दुलबारी सिद्दीकी, आलोक मेहता, श्याम रजक, तनवीर हसन, कांति सिंह, मनोज झा, बृषिण पटेल, भोला यादव, शिवचंद्र राम, सुनील कुमार सिंह, प्रो. मोहम्मद खालिद ने सहित कई नेताओं ने विभिन्न विषय पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर राजद के कई वरिष्ठ नेता के साथ प्रवक्ता एजाज अहमद, चितरंजन गगन, सारिका पासवान, प्रशांत मंडल तथा उर्मिला ठाकुर उपस्थित थे।

You may have missed