September 25, 2026

जातीय जनगणना : बिहार के 11 सदस्यीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पीएम मोदी से मिला, CM नीतीश बोले- PM ने नहीं किया इनकार, उनके फैसले का इंतजार

पटना। बिहार में जातीय जनगणना पर खूब राजनीति हुई। जहां सत्ता पक्ष से जदयू-हम ने जातीय जनगणना पर जोर दिया, वहीं सरकार में शामिल भाजपा इससे पहले नीतीश कुमार को जनसंख्या नियंत्रण काननू बनाने की मांग की, वहीं पूरा विपक्ष सीएम नीतीश के साथ दिखा। इस बाबत विपक्ष ने सीएम नीतीश से मुलाकाम की भी की थी। इसके बाद सीएम नीतीश ने पीएम मोदी को मिलने के लिए पत्र भी लिखा था। पत्र का जवाब काफी दिनों बाद पीएमओ से आया और आखिरकार सीएम नीतीश को मिलने के लिए 23 अगस्त का दिन दिया गया।
सोमवार को जातीय जनगणना के मसले पर एकजुटता दिखाने के उद्देश्य से पूर्वाह्न 11 बजे बिहार के पक्ष-विपक्ष के विभिन्न दलों का 11 सदस्यीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात किया। खास बात यह है कि इस मुद्दे पर अलग राय रखने वाली भाजपा भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रही। बीजेपी कोटे से मंत्री जनक राम शामिल रहे। जबकि राजद की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ थे। मुलाकात के बाद सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने प्रस्ताव को इनकार नहीं किया, अब इस पर उनके फैसले का इंतजार है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के बाद सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार के सभी दलों के प्रतिनिधियों ने अपनी बातें रखीं। हमने उन्हें बताया कि किस तरह बिहार विधानसभा ने जातीय जनगणना को लेकर दो बार फरवरी 2018 तथा पुन: फरवरी 2020 में प्रस्ताव पारित किया है। बिहार के साथ पूरे देश के लोग इस मुद्दे पर एक राय रखते हैं। नीतीश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी की बातों को सुना। प्रतिनिधिमंडल ने उनसे विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने इसे खारिज नहीं किया है।
वहीं मुलाकात के बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रहित में हम सभी दलों के लोग एक साथ हैं। जब जानवरों व पेड़-पौधों की गिनती होती है, तब इंसानों की गिनती क्यों नहीं होनी चाहिए? सरकार के पास जातिगत समाज का आंकड़ा नहीं होगा तो सरकार कल्याणकारी योजनाएं कैसे बना सकेगी? तेजस्वी ने कहा कि बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में जातीय जनगणना को लेकर मुलाकात की है। अब प्रधानमंत्री के फैसले का इंतजार है।
प्रतिनिधिमंडल में हर दल से नेता रहे शामिल
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में जदयू का प्रतिनिधित्व शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया। जबकि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) से जीतन राम मांझी और विकासशील इंसान पार्टी से पशु व मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी शामिल रहे। राजद का प्रतिनिधित्व विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव हैं। भाकपा माले की ओर से विधायक दल के नेता महबूब आलम, भाकपा की ओर से रामरतन सिंह, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) की ओर से अजय कुमार ने प्रतिनिधित्व किया। जबकि कांग्रेस का प्रतिनिधित्व पार्टी विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने किया। एमआइएमआइएम से अख्तरूल ईमान प्रतिनिधि रहे।

You may have missed