September 8, 2026

गया में बाइक सवार अपराधियों ने युवक की गोली मारकर की हत्या, दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम

गया । जिले के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के गया-चेरकी रोड एटी गेट के पास मंगलवार की अहले सुबह तीन बाइक सवार अपराधियों ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। मृतक की पहचान नामा पंचायत के आड़ाई गांव के विनय सिंह के रूप में हुई है।

यह वारदात मगध मेडिकल थाना के कुछ ही दूर के पास घटी है, बावजूद पुलिस वहां तब पहुंची जब लोगों ने हंगामा किया। वहीं, घटना के बाद लोगों की काफी भीड़ बढ़ गई और सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ पहुंचे और पूरे मामले की जांच में जुट गई।

हंगामा के बाद पुलिस ने नाकेबंदी की है। हालांकि इस वारदात को किसने अंजाम दिया है और किस वजह से। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सिर्फ यह पता चला है कि बाइक से युवक कहीं जा रहा था। इसी बीच बाइक पर सवार तीन अपराधी आए और दिनदहाड़े गोली मारकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You may have missed