बेगूसराय में भूमि विवाद में अधेड़ की गोली मारकर हत्या, भतीजों ने दिया घटना को अंजाम

बेगूसराय । जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के सिरैया गांव में अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान सिरैया के डोमन यादव के 50 साल के बेटे रामाकांत यादव के रूप में हुई है।

रामाकांत यादव खाना खाकर घर के दरवाजे पर खड़े थे। तभी उसके भतीजे आदर्श उर्फ नोनू व गोपाल यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी।

इसके बाद दोनों भतीजे मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं रामाकांत के साला कार्य लाल यादव ने बताया कि 18 कट्ठा का जमीन का विवाद चल रहा था, इसमें रामाकांत का उस 18 कट्ठा में 6 कट्ठा हिस्सा था।

लेकिन दोनों भतीजे व उसके भाई जवाहर यादव और रामाशीष यादव जमीन का हिस्सा नहीं देना चाहते थे। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ और गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी। लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं था।

बुधवार की रात इसी जमीन को लेकर विवाद हुआ। इसी से गुस्सा कर भतीजा आदर्श उर्फ नोनू और गोपाल यादव ने अपने चाचा को घेरकर गोली मारकर हत्या कर दी।

वहीं, जब गोली की आवाज परिजनों ने सुनी और जैसे ही बाहर निकले, तबतक में रामाकांत यादव की मौत हो चुकी थी। मौके से दोनों भतीजे हथियार लहराते हुए फरार हो गए। लोगों ने इसकी सूचना साहेबपुर कमाल थाना पुलिस को दी।

मौके पर साहेबपुर कमाल थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

वहीं साहेबपुर कमाल थाना अध्यक्ष ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर भतीजे ने अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी है।

आरोपी भतीजे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस के पकड़ से दोनों भतीजे बाहर हैं। रामाकांत यादव पेशे से किसान थे। इस घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो चुका है।

You may have missed