February 23, 2026

पीडीएस दुकानदार की मनमानी : तीन माह से राशन न बांटे जाने के विरोध में ग्रामीणों ने दीदारगंज-बख्तियारपुर स्टेट हाइवे को किया घंटों जाम

फतुहा। शुक्रवार को पटना के फतुहा प्रखंड अंतर्गत मोजीपुर में पीडीएस दुकानदार द्वारा पिछले तीन माह से राशन न बांटे जाने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने दीदारगंज-बख्तियारपुर स्टेट हाइवे को घंटों जाम कर दिया। ग्रामीण बीच सड़क पर ही बैठकर पीडीएस दुकानदार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे तथा उक्त आरोपी पीडीएस दुकानदार के लाइसेंस को रद्द करने की मांग की। जाम की स्थिति करीब दो घंटे तक बनी रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सूचना मिलते ही नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा समझा-बुझाकर जाम को हटाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जितेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले तीन माह से फिंगर प्रिंट लेने के बाद भी डीलर के द्वारा अब तक राशन का वितरण नहीं किया गया। सरकार द्वारा दिए जाने वाले मुफ्त राशन का भी वितरण नहीं किया गया। बार-बार आश्वासन देकर डीलर द्वारा राशन वितरण में टालमटोल किया जा रहा है। शुक्रवार को राशन दिए जाने का डीलर की तरफ से आश्वासन दिया गया था, लेकिन जैसे ही लाभुक राशन लेने के लिए पीडीएस दुकानदार के पास पहुंचे तो उसने राशन देने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने पीडीएस दुकानदार के स्टाफ पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाइवे को जाम कर दिया। जब एमओ रंजीता वर्मा के द्वारा ग्रामीणों को दूसरे पीडीएस दुकानदार के द्वारा राशन बंटवाने तथा उक्त पीडीएस दुकानदार के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया, तब जाकर ग्रामीणों ने सड़क जाम को हटाया।

You may have missed