विरोधी गुट जमाना चाहता है जेठुली श्मशान घाट पर वर्चस्व, शव जलाने को लेकर हुई गोलीबारी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

फतुहा। सोमवार की रात्रि जेठुली के श्मशान घाट पर शव जलाने को लेकर हुई रोड़ेबाजी व गोलीबारी मामले में एसडीओ मुकेश रंजन, एसडीपीओ राजेश कुमार मांझी, डीसीएलआर अखिलेश यादव, सीओ अनीता भारती घटनास्थल पर पहुंचे तथा श्मशान घाट के विवादित स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने ग्रामीणो से भी बातचीत की। एसडीओ मुकेश रंजन ने ग्रामीणों को श्मशान घाट के विवादित स्थल का कागजात अवलोकन कर विवाद को सुलझाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि विवादित स्थल के सारे कागजातों के अवलोकन करने के बाद ही प्रशासन द्वारा सुलझाया जाएगा। फिलवक्त विवादित स्थल पर पुलिस बल तैनात रहेगी ताकि किसी भी तरह की उपद्रवी घटना दोहराया न जा सके।
दूसरी तरफ एसडीपीओ राजेश कुमार मांझी के नेतृत्व में पुलिस ने रोड़ेबाजी व गोलीबारी करने के मामले में दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी विजेंद्र कुमार व योगेन्द्र कुमार है। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा गोली व दो खाली खोखा के साथ एक गुलेल भी बरामद किया है।
ग्रामीणों की माने तो परंपरा के अनुसार वर्षों से गंगा किनारे शव का अंतिम संस्कार किया जाता रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव वाले शव को जब अंतिम संस्कार के लिए यहां लाते है तो विरोधी गुट के लोग शव के अंत्येष्टि किए जाने पर रोक लगाते हैं तथा मारपीट कर गोलीबारी करते हैं। विदित हो कि जेठुली निवासी विकास कुमार की एक सड़क हादसे में हुई मौत के बाद लोग अंत्येष्टि के लिए इस श्मशान घाट पर आए थे। यह देख विरोधी गुट पहले की तरह शव के अंत्येष्टि पर रोक लगा दी तथा लोगों को मारपीट कर भगाने लगे। जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो दोनों गुट आमने-सामने हो गए और दोनों गुटों के बीच रोड़ेबाजी व गोलीबारी शुरू हो गई। इसके बाद नदी थाना पुलिस के साथ साथ कई थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर किसी तरह तनाव को देखते हुए स्थिति संभाली तथा देर रात मृतक के शव की अंत्येष्टि करायी। इस घटना को लेकर मृतक के चचेरे भाई बंटी कुमार ने विरोधी गुट के लोगों के खिलाफ नदी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। नदी थाना प्रभारी धर्मेंद्र प्रसाद के मुताबिक पुलिस द्वारा भी बीते रात हुई घटना में नामजद व अज्ञात लोगो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी जा रही है।

You may have missed