October 24, 2026

बिहार : मधुबनी में भाजपा नेता के घर से बड़ी संख्या में विदेशी शराब बरामद, गिरफ्तार

मधुबनी । जिले में पुलिस ने चभच्चा चौक स्थित शकील अहमद के घर से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। मौके पर पुलिस ने शकील अहमद को गिरफ्तार किया है। शकील अहमद भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री बताए जाते हैं। पुलिस ने उसके बेटे मो. आसिफ को पहले ही गिरफ्तार किया था।

प्रभारी नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री शकील अहमद के घर से 45 बोतल बियर व अंग्रेजी शराब और 60 बोतल नेपाली देसी शराब की बोतलें जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि पहले शकील अहमद का पुत्र मो. आसिफ शराब बेचते पकड़ा गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को स्टेशन मोहल्ला स्थित दिनेश मुखिया के घर मो. आसिफ शराब की डिलीवरी करते पकड़ा गया। उसके पास से शराब की बोतलें भी जब्त की गई। पूछताछ के दौरान शराब खरीद बिक्री में अपने पिता की संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसके घर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही शकील अहमद ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे दबोच लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों बाप-बेटा के अलावा दिनेश मुखिया पर भी एफआईआर की गई है। उधर, शराब खरीद बिक्री के अन्य मामलों में सुभाष चौक निवासी भरत कुमार, सूरतगंज निवासी मोहन प्रधान, रोहित नायक एवं सप्ता निवासी दिनेश यादव पर भी एफआईआर की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
इधर, भाजपा जिला अध्यक्ष शंकर झा ने कहा कि शकील अहमद को पार्टी से हटाया गया है। पहले से वे पार्टी में सक्रिय नहीं है। यह पूछे जाने पर कि शकील अहमद को कब हटाया गया, जिलाध्यक्ष ने कहा कि वे प्रदेश स्तर के नेता थे, प्रदेश स्तर के लोग ही बताएंगे।

You may have missed