September 22, 2026

PATNA : कुम्हरार में पिकअप और बाइक की सीधी टक्कर में युवक गंभर रूप से घायल

पटना। राजधानी पटना के कुम्हरार इलाके में पेट्रोल पंप के पास बुधवार देर रात पिकअप और बाइक की सीधी टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में युवक का बायां पैर कट गया। स्थानीय लोगों ने घायल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। उसकी पहचान बिहटा निवासी संजीत कुमार (20) के रूप में हुई है। वह कुम्हरार के शांति मार्केट के पास अपनी मौसी रीता देवी के साथ रहता था। युवक पेशे से इलेक्ट्रीशियन है। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने भाग रहे पिकअप चालक को बंधक बना कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इधर, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
परिजनों के अनुसार, घायल संजीत देर रात काम खत्म कर अगमकुंआ की तरफ से घर आ रहा था। पेट्रोल पंप के पास व टर्न लेते समय सामने से आ रही सोफा लदी पिकअप ने टक्कर मार दी। परिजनों ने बताया, संजीत जब डेढ़ साल का था, तब इसकी मां का देहांत हो गया था। तब से वह अपनी मौसी के साथ ही रहता है।
पुलिस ने अनुसार, पिकअप को सड़क पर से हटा लिया गया है। सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य है। घायल का इलाज चल रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।

You may have missed