रूपेश हत्याकांड : पटना पुलिस मुख्य आरोपी रितुराज को लेगी 3 दिनों की रिमांड पर, कोर्ट ने दिया आदेश

पटना। पटना में हाईप्रोफाइल इंडिगो स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित रितुराज को पटना सिविल कोर्ट ने सोमवार को 3 दिनों के रिमांड पर भेजने का आदेश दे दिया है। पुलिस ने रितुराज को पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उसके घर से आर्म्स के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने रूपेश हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। वारदात में रितुराज के साथ तीन अन्य अपराधी शामिल थे, जो अब तक फरार चल रहे है। तीनों की पुलिस पहचान भी कर चुकी है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी भी कर रही है। रविवार को भी पुलिस ने राजापुर, पटना सिटी और झारखंड के दो अन्य जिलों में छापेमारी की है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस एक दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ भी कर चुकी है।
बताते चलें रूपेश कुमार सिंह की हत्या मामले में पटना पुलिस की तरफ से हत्याकांड में मुख्य आरोपी बनाए गए ऋतुराज की रिमांड को लेकर बीते शुक्रवार को निचली अदालत में सुनवाई हुई थी, लेकिन रिमांड पर कोई फैसला नहीं हो सका था। इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड में आरोपी ऋतुराज के वकील ने आवेदन दाखिल कर आरोप लगाया था कि पटना पुलिस रितुराज का फर्जी एनकाउंटर दिखाकर उसकी हत्या कर सकती है या उसे झूठे आपराधिक मुकदमे में फंसा सकती है। कोर्ट ने ऋतुराज को रिमांड करते हुए फुलवारी जेल भेज दिया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में सरेशाम अपराधियों ने इंडिगो स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की उनके अपार्टमेंट के नीचे ताबड़तोड़ गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद सियासी माहौल गर्मा गया था। विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर सवाल खडे कर रहा था। और आखिकार घटना के 22 दिनों के बाद पटना पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपित रितुराज को गिरफ्तार करने का दावा किया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस के थ्योरी पर तरह-तरह के सवाल उठने लगे। मुख्य आरोपित रितुराज की पत्नी ने भी मीडिया के सामने पुलिसिया बर्बरता की कहानी रखी।

You may have missed