कांग्रेस का बड़ा आरोप-सीएम हाउस से किए गए प्रेशर के कारण हमारे 20 विधायक हारे
पटना।बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत आने के पश्चात बिहार प्रदेश कांग्रेस ने आज सदाकत आश्रम में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर भाजपा-जदयू पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग कर कांग्रेस प्रत्याशियों को हराने का गंभीर आरोप लगाया है।संवाददाता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा तथा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष सांसद डॉ अखिलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के 20 विधायकों को सीएम हाउस के द्वारा अधिकारियों पर डाले गए प्रेशर के कारण हार का मुंह देखना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारे 20 विधायक चुनाव जीते हुए थे।मगर भाजपा-जदयू ने सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर मतगणना को प्रभावित किया।जिसके कारण हमारे विधायक जीत नहीं सके।उन्होंने कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख रही है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार में परिवर्तन के जबरदस्त लहर थी।इसके बावजूद मतगणना के दिन शाम 4:00 बजे के बाद भाजपा-जदयू के द्वारा सरकारी तंत्र का मतगणना के दौरान जबरदस्त दुरुपयोग किया गया।उन्होंने कहा कि अपनी हार सुनिश्चित देखकर बीजेपी के बड़े नेता भूपेंद्र यादव,नित्यानंद राय तथा सुशील कुमार मोदी सीएम हाउस पहुंचे।वहीं से सारा खेल प्रपंच रचा गया।रिटर्निंग ऑफिसर पर दबाव डाल- डाल कर विभिन्न स्थानों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों को तिकड़म के द्वारा हराया गया।कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि हमारे कई उम्मीदवार जीत गए थे।मगर उन्हें सर्टिफिकेट नहीं जारी किया गया।बाद में उन्हें दबाव के तहत हारा हुआ बताया गया।उन्होंने कहा कि यह जनमत का अपहरण का मामला है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग में शिकायत की गई है।चुनाव आयोग अभी तक शिकायतों पर कोई खास कार्रवाई नहीं कर रही है।लेकिन महागठबंधन चुप नहीं बैठने वाली है। संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश सिंह, विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्र तथा प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़ उपस्थित थे।


