अश्विनी चौबे ने कहा- “बिहार भारत और दलित राजनीति को अपूरणीय क्षति, मैंने अपना बड़ा भाई खो दिया”
पटना। लोजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने गहरा शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि बिहार भारत और दलित राजनीति को इससे अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। रामविलास पासवान के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई खो दिया है। उनके निधन की खबर से मैं स्तब्ध हूं, विश्वास नहीं हो रहा और जो दुख हो रहा है, उसको शब्दों में व्यक्त नहीं कर पा रहा हूं। दलितों, दबे-कुचलों और गरीबों की आवाज आजीवन उठाते रहने वाले पासवान जी के निधन से आज ये सब अपने को अकेला महसूस कर रहे है।
वहीं भाजपा नेता अर्जित शाश्वत चौबे ने भी रामविलास पासवान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आज भारत और बिहार ने आपने सबसे बड़े नेताओं में एक रामविलास पासवान को खो दिया है, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उनका पूरा जीवन दलितों और गरीबों की सेवा करते हुए गुजरी। उक्त दोनों नेताओं ने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को इस गहरी पीड़ा को सहने की शक्ति दें।


