PATNA : स्कार्पियो ने ट्रक में मारी टक्कर, एक की मौत, पांच गंभीर रुप से जख्मी

फतुहा। बीते मंगलवार की देर रात पटना के फोरलेन पर भिखुआ गांव के समीप पटना की ओर जा रही एक स्कार्पियो सड़क किनारे खड़ी ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जहां स्कार्पियो का बाएं तरफ का भाग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और स्कार्पियो में सवार एक की मौत हो गई। वहीं इस स्कार्पियो में सवार एक महिला समेत उसके तीन बच्चे व मृतक का भाई गंभीर रुप से जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर रहने के कारण सभी को पीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के चिलमिल गांव निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद तबरेज आलम के रुप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक अपने भाई , खाला व खाला के बच्चों के साथ भाड़े की स्कार्पियो द्वारा बांका से पटना जंक्शन जा रहे थे। मृतक व उनके रिश्तेदार को पटना जंक्शन से हैदराबाद के लिए ट्रेन पकड़नी थी। लेकिन भिखुआ गांव के समीप स्कार्पियो चालक ने अपनी गाड़ी को लापरवाही बरतते हुए खड़ी ट्रक में टक्कर मार दी। घायलों में मृतक का भाई मोहम्मद फैयाज, खाला बेबी खातुन तथा उनके बच्चे उजमा खातुन, तासीर खातुन व मोहम्मद एहतराम शामिल है। घटना के सम्बन्ध में मृतक के नाना तंजूर हुसैन ने स्कार्पियो चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है। स्कार्पियो चालक फरार बताया जाता है।

You may have missed