PATNA : दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, प्राथमिकी दर्ज

पालीगंज। सिंगोड़ी थाना क्षेत्र के धोखहरा ढिबरीपर पर गांव में एक विवाहिता की हत्या ससुरालवालों ने दहेज के लिए कर दिया। इस मामले में विवाहिता के पिता ने सिंगोड़ी थाने में ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।


जानकारी के अनुसार, दुलहिन बाजार थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा गांव निवासी अखिलेश यादव अपनी पुत्री सरस्वती देवी की शादी सिंगोड़ी थाना के धोखहरा ढिबरीपर गांव निवासी सुरेन्द्र यादव के पुत्र रंजीत कुमार उर्फ पप्पू के साथ सात वर्ष पूर्व हिन्दू रीति रिवाज से किया था। तीन वर्ष बाद रंजीत कुमार की शिक्षक के पद पर नौकरी लग गयी। तब से ससुरालवाले सरस्वती देवी के मायकेवालों से दहेज के रूप में बोलेरो गाड़ी की मांग करने लगा। जब दहेज में बोलेरो गाड़ी नही दिया गया तो ससुरालवालों ने सरस्वती देवी की हत्या कर शव को जलाना चाहा। लेकिन गुप्त सूचना पाकर मायकेवालों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सिंगोड़ी थाने की पुलिस शव को कब्जे में ले लिया व कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए शव को पालीगंज अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
इस मामले में मृतका के भाई संतोष रंजन ने बताया कि जब हमलोग घटना की गुप्त सूचना पाकर धोखहरा ढिबरीपर गांव पहुंच तो पाया कि शव दरवाजे पर पड़ी है। जहां अर्थी भी पड़ी है लेकिन सभी ससुराल वाले गायब है। वही संतोष रंजन ने बताया कि पिता अखिलेश यादव ने मृतिका के पति संतोष उर्फ पप्पू, ससुर सुरेन्द्र यादव सहित कुल छह लोगों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। जिसकी पुष्टि सिंगोड़ी थाने की पुलिस ने किया है।