PATNA : बाइक सवार अपराधियों ने आनलाइन कंपनी के डिलेवरी ब्वाय को मारी गोली, रेफर; लोगों ने स्टेट हाइवे को किया जाम
फतुहा। सोमवार को सुबह दस बजे के करीब पटना जिला के नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर टेढ़ी पुल के समीप बाइक सवार अपराधियों ने आॅनलाइन कंपनी के डिलेवरी ब्वाय को गोली मार दी तथा आगे की ओर फरार हो गए। गोली उसके गर्दन के पास लगी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। उसे बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए सबलपुर स्थित पीएचसी में पहुंचाया लेकिन हालत गंभीर रहने के कारण उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जहां घायल युवक पीएमसीएच में जीवन व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। अपराधियों के गोली से गंभीर रूप से घायल डिलेवरी ब्वाय की पहचान सबलपुर के ही रामदेव महतो उर्फ गोरख महतो के 24 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रुप में हुई है।


उधर, आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर आगजनी कर दीदारगंज-बख्तियारपुर स्टेट हाइवे को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही नदी थाना, फतुहा थाना, शाहजहांपुर थाना व दीदारगंज थाना की पुलिस के साथ-साथ एएसपी मनीष कुमार सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों को जाम हटाने के लिए काफी समझाया बुझाया गया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पर दबाव बनाते रहे। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने फिर से समझाया तथा अपराधियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया तो लोगों ने जाम हटा लिया। बताया जाता है कि जख्मी राजेश कुमार अपने घर से टेढ़ी पुल के समीप स्थित आनलाइन कंपनी का कार्यालय पैदल जा रहा था। कार्यालय के पास पहुंचने ही वाला था कि बाइक पर सवार दो बदमाश उसके पास आए और उसे रोकने की कोशिश की। इसके बाद बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पीछे से गोली चला दी। गोली उसके गर्दन के पास लग गयी। घटना के संबंध में परिजनों के साथ-साथ पुलिस भी कुछ नहीं बता पा रही है। लेकिन सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, मामला त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग से जुड़ता हुआ प्रतीत हो रहा है। वहीं एएसपी मनीष कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना से संबंधित हर बिन्दु को टटोला जा रहा है तथा अपराधियों की पहचान की जा रही है।

