BIHAR : एक ही परिवार के दो बच्चे समेत चार सदस्यों की निर्ममतापूर्वक हत्या, फैली सनसनी
नालंदा। नालंदा से बड़ी खबर सामने आ रही है। चुनावी माहौल के बीच बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थानाक्षेत्र के सर्वोदय नगर मोहल्ले में सोमवार को एक ही परिवार के दो बच्चे समेत चार सदस्यों की अपराधियों ने धारदार हथियार से निर्मम तरीके से हत्या कर दी। बंद कमरे से चार शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में एक दंपत्ति के साथ दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने एक कमरे से दंपत्ति तो दूसरे कमरे से बच्चों का शव ताला तोड़कर निकाला। मृतकों की पहचान शिक्षिका नेहा कुमारी, उसके पति रवि कुमार और उनके दो बच्चे अहान एवं जेनी कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि शिक्षिका नेहा कुमारी नालंदा के परबलपुर मध्य विद्यालय में शिक्षका के रूप में कार्यरत थी।
इस बाबत मृतक रवि कुमार के पिता राजेन्द्र पासवान ने बताया कि तीन दिन पहले उन्होंने अपने बेटे से मोबाइल पर बातचीत की थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद आने लगा। किसी अनहोनी की आशंका से डर कर जब वे गांव अपने बेटा को देखने आए तो किराएदारों ने उनके ससुराल जाने की बात बताई। बेटे के वहां नहीं होने पर वे अंत में नूरसराय के चंडासी स्थित गांव लौट आए।
इधर, निर्ममतापूर्वक हत्याकांड की खबर पुलिस को तब मिली, जब शिक्षिका के मायके वालों ने अनहोनी की बात बताई। हरकत में आई पुलिस ने घर का ताला तोड़ा तो नजारा देखकर सभी हतप्रभ रह गए। एक में पति-पत्नी जबकि दूसरे कमरे में दोनों बच्चे का शव पड़ा था और खून से पूरा कमरा लथपथ था। वहीं घटना की सूचना मिलते ही नालंदा के एसपी निलेश कुमार सदर डीएसपी मोहम्मद डॉ शिब्ली नोमानी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी शवों का मेडिकल बोर्ड के द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा, तभी कुछ भी स्पष्ट हो पाएगा। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। वहीं मृतक के पिता राजेंद्र पासवान इसे धारदार हथियार से हत्या बता रहे हैं।


