BIHAR : ग्रामीण कार्य विभाग के तीन अभियंता किए गए होम क्वारंटाइन, रोके गए ठेकेदार के काम
पटना। आरा के ठेकेदार का बेटा का कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उक्त ठेकेदार के संपर्क में आने वाले ग्रामीण कार्य विभाग के तीन अभियंताओं को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। इनमें दो मुख्यालय में तैनात मुख्य अभियंता और एक उत्तर बिहार के अधीक्षण अभियंता हैं। साथ ही यह ठेकेदार के काम को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। उनके वाहन के पास रद कर दिए गए हैं।
ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव विनय कुमार के हस्ताक्षर से जारी आदेश में इन अभियंताओं के संपर्क में आए कर्मचारियों को भी होम क्वारंटाइन में रहने का आदेश दिया गया है। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों की सूची मांगी है। सचिव ने विभाग के उन प्रमंडलीय कार्यालयों का भी ब्योरा तलब किया है, जहां इस अवधि में संवेदक का आना जाना हुआ है। सचिव के आदेश के मुताबिक संबंधित ठेकेदार का डुमरांव, फारबिसगंज, बक्सर, खगड़िया, सहरसा, त्रिवेणीगंज तथा तेघड़ा में काम चल रहा है। उनके सभी काम बंद कर दिए गए हैं और विभाग की ओर से निर्गत किए गए वाहन पास रद कर दिए गए हैं। सचिव ने सभी अभियंताओं को कहा है कि अपवाद को छोड़कर बाहरी आदमी के कार्यालय में आने पर रोक लगा दें।
मालूम हो कि आरा के एक ठेकेदार बीते 27 अप्रैल को पटना के ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्यालय आए थे। उन्होंने दो मुख्य अभियंताओं से मुलाकात की। उस समय उत्तर बिहार के एक अधीक्षण अभियंता भी कार्यालय में बैठे थे। बाद में पता चला कि ठेकेदार के पुत्र का कोरोना टेस्ट पाजिटिव निकला है। पत्र के मुताबिक आरा के संवेदक ने पटना के अलावा आरा और बक्सर स्थित विभागीय कार्यालय की यात्रा की थी। विभागीय स्तर पर जांच हो रही है कि इस क्रम में वे कितने लोगों के संपर्क में आए।


