दारू पीने के दौरान महिला से अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर हथवे-हथियार के साथ गांव पर चढ़कर मारपीट व फायरिंग
मसौढी। पटना जिला के मसौढी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मुसहरी में बीते शुक्रवार की दोपहर दारू पीने के दौरान मुसहरी की एक महिला से अभद्र व्यवहार का विरोध करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बाद में सबदुल्लाहचक के करीब दर्जन भर लोग हथवे हथियार के साथ जगदीशपुर गांव पर देर शाम चढ आएं और जगदीशपुर गांव में जो लोग जहां मिले, लाठी से पीट कर उन्हें घायल कर दिया। इसमें नौ लोग घायल हो गए। इस दौरान उनके द्वारा की गई फायरिंग में गांव का 27 वर्षीय एक युवक घायल हो गया है। जिसे अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया। इस संबंध में घायल सोनू कुमार के बयान पर सबदुल्लाहचक के जैकी कुमार व उसके सहोदर राजू कुमार, रॉकी कुमार व उसके सहोदर रोहित कुमार, सुजीत कुमार व उसके सहोद अजीत कुमार, अंशु कुमार समेत 4-5 अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल सभी आरोपित फरार बताए जाते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार को दोपहर सबदुल्लाहचक का जैकी कुमार अपने गांव के आधा दर्जन ग्रामीणों के साथ दारू पीने जगदीशपुर मुसहरी में गया था। आरोप है कि इस दौरान जैकी व उसके साथियों ने वहां एक महिला से अभद्र व्यवहार किया। इसका विरोध वहां दारू पी रहे चापाकल बोरिंग मिस्त्री जगदीशपुर का सुजीत कुमार उर्फ भूरा ने किया और उनके बीच विवाद हो गया और गाली गलौज हुआ। इस दौरान जैकी का मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में ग्रामीणों ने बीच बचाव कर उन्हें शांत करा दिया और सभी लोग अपने-अपने घर चले गए। आरोप है कि इधर देर शाम जैकी अपने गांव के आरोपित करीब दर्जन भर लोगों के साथ हथवे हथियार के साथ जगदीशपुर गांव पर चढ आया और वहां जो जहां मिला उन्हें लाठी से पीट कर घायल कर दिया। घायलों में मुन्ना यादव व उसकी पत्नी संगीता देवी, राजवल्लभ यादव की पत्नी कांति देवी, सुदामा यादव की पत्नी कुसुम देवी, विमल यादव, शैलेश कुमार, कल्लू यादव, टुन्ना कुमार व रोहित कुमार शामिल हैं। उन्हें उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान आरोपितों द्वारा 3-4 राउंड फायरिंग भी की गई और एक गोली जगदीशपुर गांव के सोनू कुमार की बांयी जांघ की घुटी में लगी और वह घायल हो गया। अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया।


