बहुचर्चित भरत तिवारी फेक एनकाउंटर मामले में बिग एक्शन,आरोपी एसटीएफ जवान की गिरफ्तारी की चर्चा तेज..आधिकारिक पुष्टि नहीं..

पटना/भोजपुर। भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, एनकाउंटर में गोली चलाने के आरोपी एसटीएफ के एक जवान को पुलिस ने आरा से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।

जानकारी के मुताबिक, 17 जून को हुए एनकाउंटर के बाद भरत तिवारी के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उसने पुलिस के सामने अपना हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उस पर गोली चलाई गई। इस दावे के समर्थन में भरत तिवारी के हथियार डालने का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसने पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए थे।

मृतक की मां आशा देवी ने आरोप लगाया था कि घटना वाले दिन सुबह डीएसपी और स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम उनके घर पहुंची और भरत तिवारी को अपने साथ जवईनिया बाढ़ विस्थापितों के लिए आवंटित भूमि वाले इलाके में ले गई। उनका कहना था कि भरत तिवारी उस क्षेत्र की समस्याओं को लगातार फेसबुक लाइव के माध्यम से उठाता रहा था।

दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि घटनास्थल पर भरत तिवारी ने अपना हथियार फेंककर आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का देकर एक गड्ढे में गिराया और फिर उस पर गोलियां चला दीं।

फिलहाल, आरोपी एसटीएफ जवान की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। यदि गिरफ्तारी की पुष्टि होती है, तो यह मामला जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जाएगा।

You may have missed