पटना एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई:-25 हजार का इनामी अपराधी रविशंकर कुमार गिरफ्तार, लंबे समय से था फरार कई मामलों में थी तलाश
पटना।राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स(एसटीएफ) को एक बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी रविशंकर कुमार को एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ की टीम ने परसा इलाके में छापेमारी कर रविशंकर कुमार को दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविशंकर कुमार, पिता अजय कुमार सिंह, निवासी अंबेडकर कॉलोनी, नारायण प्रसाद लेन, आलमगंज (पटना) के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रविशंकर के खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गंभीर आपराधिक गतिविधियों में उसकी कथित संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। काफी समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य मामलों में उसकी संभावित भूमिका की जानकारी जुटाने में लगी हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
पटना पुलिस ने बताया कि जिले में सक्रिय अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत एसटीएफ और जिला पुलिस के समन्वित प्रयास से यह कार्रवाई सफल रही। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

