लालू की बेटी रोहिणी आचार्य के तेवर तल्ख, बिना नाम लिए पार्टी के ही उम्मीदवार पर साधा निशाना; RJD में मचेगा घमासान!
पटना। बिहार की सियासत और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अंदरूनी गलियारे से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर आ रही है। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक बेहद विस्फोटक पोस्ट शेयर की है, जिसके बाद आरजेडी के अंदर टिकट बंटवारे और नेताओं की निष्ठा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में बिना नाम लिए पार्टी के ही एक नवनिर्वाचित उम्मीदवार या कद्दावर चेहरे पर ‘भितरघात’, ‘विश्वासघात’ और ‘वसूली’ जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। रोहिणी आचार्य ने फेसबुक पर अपनी भड़ास निकालते हुए लिखा:.”गुटबाजी – भीतरघात – विश्वासघात, मक्कारी जिसकी फितरत, विरोधियों से जिसकी मिलीभगत, करीबियों की बात बताकर उगाही – वसूली करना जिसका धंधा…” आगे उन्होंने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि वह व्यक्ति पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सामने बैठकर बहन-बेटियों के बारे में ओछी और अमर्यादित बातें करता है। रोहिणी ने इस बात पर भी हैरानी जताई है कि ऐसे विवादित व्यक्ति को “उसके ही द्वारा” (इशारा किसी बड़े नेता की तरफ) उम्मीदवार कैसे बना दिया गया? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पार्टी में समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं का अकाल पड़ गया है? उन्होंने चेताया कि ऐसे लोगों की वजह से सालों से जमीन पर काम कर रहे मूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश (विक्षोभ और असंतोष) है, और इसका नुकसान पार्टी पिछले साल नवंबर के महीने में भी देख चुकी है। पोस्ट के दूसरे हिस्से में रोहिणी ने पार्टी के मूल वोट बैंक और पुराने नेताओं की पैरवी की है। उन्होंने लिखा: पार्टी की स्थापना के समय से जो समर्पित, जमीनी और कट्टर लालूवादी अल्पसंख्यक, यादव, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के वरिष्ठ व युवा नेता मजबूती से खड़े रहे हैं, उनकी अनदेखी की जा रही है। ऐसे वफादार चेहरों को नजरअंदाज करना एक गंभीर चिंता का विषय है और यह किसी भी कीमत पर पार्टी के हित में नहीं है।


