September 7, 2026

एनडीए सरकार को लोक-लज्जा का भी ख्याल नहीं, 10 सर्कुलर रोड आवास के नाम पर घटियापन की हद: चित्तरंजन गगन

पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता विरोधी दल श्रीमती राबड़ी देवी जी को 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली करने संबंधी नोटिस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा है कि एनडीए सरकार को थोड़ा लोक-लाज का भी ख्याल नहीं है। जबकि लोक-लाज के बिना लोकतांत्रिक व्यवस्था की कल्पना भी नहीं की जा सकती। राबड़ी जी विगत 20 वर्षों से उस आवास में रहती आ रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के साथ हीं आज भी वे बिहार विधान परिषद में नेता विरोधी दल हैं। फिर ऐसी कौन सी स्थिति आ गई जो उन्हें 10 सर्कुलर रोड बंगले के बदले दूसरा आवास आवंटित किया गया है। राजद प्रवक्ता ने सरकार द्वारा और सत्ताधारी दलों के नेताओं द्वारा दिए जा रहे नियमों के हवाले को हास्यास्पद बताते हुए जानना चाहा है कि जब विधानसभा अध्यक्ष के नाम पर 1977 से हीं कर्णांकित 2 देशरत्न मार्ग बंगले को मंत्री के नाम आवंटित किया जा सकता है, उप मुख्यमंत्री के लिए कर्णांकित 5 सर्कुलर रोड बंगले को मुख्यमंत्री आवास का हिस्सा बनाया जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री के लिए दूसरे बंगले का आवंटन किया जा सकता है साथ हीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई सांसदों को दिल्ली के अतिरिक्त पटना में भी बड़े-बड़े बंगले आवंटित किया जा सकता है तो फिर राबड़ी देवी जी को 10 सर्कुलर रोड के बदले दूसरा आवास आवंटित किए जाने का औचित्य क्या है। संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना गया है। पर वर्तमान सरकार विपक्ष के नेता के साथ काफी घटिया और निकृष्ट व्यवहार का परिचय दे रही है। सवाल महज एक आवास का नहीं है बल्कि सवाल लोकतांत्रिक मर्यादा और व्यवस्था की है। सरकार का मतलब यह नहीं है कि आप अपने अनुकूल नियम बनाएं और अपने अनुकूल उसकी व्याख्या करें , किसी भी नियम में पारदर्शिता और एकरुपता भी दिखाई देना चाहिए।

You may have missed