10 सर्कुलर रोड खाली करने की चुनौती: राबड़ी देवी ने कहा- “सम्राट चौधरी चाहें तो बलपूर्वक हटा लें, बंगला नहीं छोड़ूंगी”

पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने पटना के ऐतिहासिक 10, सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी बंगले को खाली करने से साफ इनकार कर दिया है। दिल्ली से पटना लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजद (RJD) नेता ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुली चुनौती दी। गुस्से में दिखीं राबड़ी देवी ने कहा, “हाँ, मैं देख रही हूँ कि सम्राट चौधरी, जो हाल ही में मुख्यमंत्री बने हैं, काफी उत्साहित हैं। वे चाहें तो जितनी फोर्स बुलानी हो बुला लें और हमें बलपूर्वक निकाल दें। मैं किसी भी कीमत पर यह बंगला खाली नहीं करने जा रही हूँ।”.बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार (29 मई, 2026) को राबड़ी देवी को तीसरा नोटिस जारी कर तत्काल इस बंगले को खाली करने का निर्देश दिया था। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार10, सर्कुलर रोड का यह बंगला अब बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। सरकार का कहना है कि राबड़ी देवी को नवंबर 2025 में ही नेता प्रतिपक्ष के नाते 39, हार्डिंग रोड पर एक भव्य दो मंजिला बंगला आवंटित किया जा चुका है, लेकिन उन्होंने अब तक वहां शिफ्ट होने से इनकार किया है। लालू-राबड़ी परिवार साल 2006 से इस बंगले में रह रहा है। यह सिर्फ एक सरकारी आवास नहीं, बल्कि पिछले दो दशकों से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राजनीति का मुख्य शक्ति केंद्र रहा है। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने और बिगड़ने के कई ऐतिहासिक फैसले इसी आवास से तय हुए हैं। इस पूरे मामले पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सत्ता पक्ष पर हमला बोला है। राजद प्रवक्ताओं का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक विद्वेष की भावना से प्रेरित है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की खराब सेहत को देखते हुए इस बंगले में लिफ्ट और कई जरूरी बदलाव (मेडिकल आवश्यकता अनुसार) किए गए हैं, जिसके कारण परिवार इस आवास को नहीं छोड़ना चाहता। लालू प्रसाद यादव फिलहाल इलाज के लिए सिंगापुर गए हुए हैं।बिहार में इस ‘बंगला पॉलिटिक्स’ ने अब एक बड़े सियासी टकराव का रूप ले लिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि सरकार इस चुनौती के बाद क्या कदम उठाती है।

You may have missed