वैशाली में आठवीं की छात्रा के साथ जीजा ने किया दुष्कर्म, मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
वैशाली। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक व्यक्ति द्वारा अपनी नाबालिग साली के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता आठवीं कक्षा में पढ़ती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हरकत में आते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के निवासी विष्णु राम के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ उसके मायके वैशाली के लालगंज स्थित ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान उसने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग साली को अकेला पाकर उसके साथ यह जघन्य अपराध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु राम को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद लालगंज सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल भी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एफएसएल टीम को निर्देश दिया कि घटनास्थल से सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को बेहद सावधानीपूर्वक एकत्र किया जाए। टीम ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। एसडीपीओ गोपाल मंडल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उन्होंने कहा, “पीड़िता के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जो साक्ष्य एकत्र किए हैं, उनके अलावा पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और इसकी जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस घटना को किस तरह अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद से पीड़िता और उसके परिवार में गहरा सदमा है। आस-पास के लोगों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। इस दरिंदगी नि एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्यों रिश्तों की पवित्रता को दागदार करने वाली ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच करके दोषी को कानून के दायरे में लाएगी।


