आरा में कन्हैया के काफिले पर पथराव, जान बचाकर भागे, कई लोग घायल
आरा। बिहार में सीएए, एनआरसी व एनपीआर के विरोध में शुरू हुई जन मन यात्रा का विरोध लगातार जारी है। जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष व युवा नेता कन्हैया कुमार पर यात्रा के दौरान अब बक्सर से आरा जाने के क्रम में पथराव हुआ है। बताया जाता है कि हालात इतनी गंभीर हो गई कि कन्हैया को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। बताया जाता है कि कन्हैया के काफिले से कई बाइक सवार भी जख्मी हो गए हैं। मौके पर पुलिस पहुंच हालात का काबू करने में जुटी है। बता दें कि आज ही बक्सर में कन्हैया को काला झंडा दिखाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वामदलों की जन मन यात्रा के तहत शु्क्रवार को भाकपा नेता कन्हैया कुमार की सभा बक्सर व आरा में होनी थी। इसी क्रम में वे बक्सर में सभा को संबोधित कर आरा जा रहे थे। आरा-बक्सर हाइवे पर गजराजगंज ओपी के बामपाली गांव के समीप उनके काफिले पर बाइक सवार लोगों ने जमकर पथराव कर दिया। पथराव होने के कारण भागने के क्रम में काफिले में शामिल वाहन से कई बाइक सवार कुचला गये। इसमें कईयों को काफी चोटें आई हैं। एक को तो इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों के कुचले जाने से लोग काफी आक्रोशित हो गए। मामला इतना बढ़ गया कि वहां से किसी तरह कन्हैया कुमार को जान बचाकर भागना पड़ा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस ने अस्पताल पहुंच घायल व्यक्ति से भी पूछताछ की है। हालांकि पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत किया। तब कन्हैया आरा पहुंचे।
इससे पूर्व बक्सर में भी कन्हैया कुमार के काफिले को लोगों ने काला झंडा दिखाया था। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। गौरतलब है कि कन्हैया कुमार के साथ पथराव या काला झंडा दिखाने का मामला यात्रा शुरू होने के साथ ही प्रारंभ हो गया था। तब से कहीं न कहीं पथराव व काला झंडा दिखाने की खबर सामने आ रही है।


