प्रदेश में फेंगल तूफान को लेकर अलर्ट: चलेगी तेज हवाएं, पटना में तापमान गिरा, बढ़ी ठंड
पटना। बंगाल की खाड़ी से उठे फेंगल तूफान ने चक्रवात का रूप ले लिया है। इस तूफान का असर तमिलनाडु के साथ-साथ बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी दो से तीन दिनों तक इस चक्रवातीय तूफान के असर की संभावना जताई है। बिहार के दक्षिणी हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की-तेज हवा चलने की संभावना है। फंगल तूफान, जो इस समय 75-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, बिहार के मौसम में बदलाव ला रहा है। पटना में बीते कुछ दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो 30 नवंबर से शुष्क पछुआ हवाएं चलेंगी, जो ठंड को और बढ़ाएंगी। पटना का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डेहरी में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अररिया और जीरादेई में 28.7 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। चक्रवातीय तूफान के कारण रात में कोहरे में कमी आ सकती है। सुबह के समय हल्की धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, उत्तरी बिहार के इलाकों में घना कोहरा जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि जिन क्षेत्रों में हरियाली अधिक है, वहां ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। डेहरी में सोन नदी और हरियाली के कारण तापमान कम बना हुआ है। इसके विपरीत, शहरी क्षेत्रों में वाहनों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण के कारण अपेक्षाकृत अधिक गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बिहार में मौसम परिवर्तन का कारण बन रहा है। इसके कारण आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। बिहार के दक्षिणी जिलों में चक्रवातीय तूफान के प्रभाव के चलते विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के साथ मौसम में अचानक बदलाव से सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ स्वास्थ्य पर असर पड़ने की संभावना रहती है। ऐसे में इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है। गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें। सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए घर से बाहर कम निकलें। सर्द हवाओं से बचाव के लिए उचित खानपान अपनाएं। बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में बिहार के दक्षिणी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। वहीं, उत्तरी हिस्सों में कोहरा और धुंध का असर बना रहेगा। 30 नवंबर से पछुआ हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से उठे फंगल तूफान का असर बिहार में ठंड को और बढ़ाने वाला है। पटना सहित अन्य जिलों में तापमान में कमी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में मौसम और ठंडा होने की संभावना है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम के बदलावों के प्रति सतर्क रहें और आवश्यक तैयारियां करें।


