ललन सिंह का ममता बनर्जी पर हमला, कहा- बंगाल में सरकार नाम की कोई चीज नहीं, वहां कानून का राज खत्म
पटना। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बंगाल में जारी विरोध और हंगामे पर ममता सरकार को घेरा है। बुधवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए ललन सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। वहां अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि हमें आश्चर्य होता है कि वहां की सीएम महिला हैं और महिला पर अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है तो वो लाठी चार्ज कराती हैं। पानी का बौछार करवाती हैं, आंसू गैस छुड़ाती हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो यह भी भूल गई हैं कि इसी के बल पर वो सत्ता में आई हैं। जो काम पहले सीपीएम के लोग करते थे, वही अब ममता कर रही हैं। कोलकाता के एक मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के बाद पिछले 15 दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं मंगलवार को स्टूडेंट्स के प्रोटेस्ट पर बंगाल पुलिस ने लाठी चार्ज किया था। इसमें 100 से ज्यादा स्टूडेंट्स घायल हो गए थे। इसके विरोध में आज भाजपा ने 12 घंटे का बंगाल बंद बुलाया है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जातीय आधारित गणना की मांग के सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि जदयू ने जब जातीय गणना पर प्रस्ताव मूव किया तो राहुल जी के मुंह पर टेप लग गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का तो यही हाल है। सत्ता पाने के लिए कुछ भी समझौता कर सकती है। वहीं झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि एनडीए बहुत मजबूत है। लोग एनडीए से जुड़ रहे हैं। हमारा गठबंधन ताकतवर हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय एनडीए का ही है।


