February 13, 2026

पटना सिटी में हाईवा ने पिकअप को मारी टक्कर, दोनों गाड़ियां पलटी, बाल-बाल बचे ड्राइवर-खलासी

पटना। पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र के महादेव स्थान के नजदीक शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार से आ रही हाईवा ने एक पिकअप वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। दोनों गाड़ियां पलट गई। पिकअप पर सब्जी लगी हुई थी। गाड़ी के पलटते ही वहां आसपास के लोग पहुंचे और सब्जियां लूटने लगे। लोगों ने इसकी सूचना बाईपास थाना और ट्रैफिक थाना को दी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी के माध्यम से दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में लेकर ट्रैफिक थाना ले आई। घटना के बाद हाईवा का ड्राइवर गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जबकि पिकअप वाहन का खलासी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। आसनसोल से सब्जी लेकर एक पिकअप वाहन पटना मीठापुर के लिए चली थी। जैसे ही पिकअप वाहन एन एच 30 पर महादेव स्थान के नजदीक पहुंचे। एक तेज रफ्तार से आ रही हाईवा ने पिकअप वाहन में भीषण टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों गाड़ियां पलट गई। पिकअप वाहन के ड्राइवर और खलासी गाड़ी में ही फंस गए। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लोगों ने किसी तरह गेट तोड़कर ड्राइवर और खलासी को बाहर निकाला। खलासी को गहरी चोट लगी है, जिसे इलाज के लिए पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर पहुंची ट्रैफिक थाना के सब इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में लेकर ट्रैफिक थाना ले जा रहें है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पिकअप वाहन का ड्राइवर अभिषेक कुमार ने बताया कि वह सब्जी लेकर आसनसोल से पटना के रास्ते महुआ जा रहे थे।

You may have missed