संजय झा को राज्यसभा भेजेंगे नीतीश, दिल्ली में रहकर पार्टी को करेंगे मजबूत
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद सहयोगी संजय झा को राज्यसभा के लिए जद-यू द्वारा अपना उम्मीदवार नामित किया जाना तय है। संजय झा एक एमएलसी हैं और नीतीश सरकार में जल संसाधन विभाग के कैबिनेट मंत्री थे। जेडी-यू द्वारा राजद के साथ संबंध तोड़ने और नई सरकार बनाने के लिए भाजपा के साथ गठबंधन करने के बाद वो कैबिनेट से बाहर हो गए थे। इसके बाद अब संजय झा को पार्टी के तरफ से राज्यसभा भेजा जाएगा। इसको लेकर कल संजय झा अपना नमांकन दाखिल करेंगे। संजय झा नीतीश कुमार के साथ सभी अहम राजनीतिक बैठकों में उनके साथ रहते हैं जो पटना या बाहर आयोजित की जाती है। वाजपेयी-आडवाणी युग के बाद से जब अरुण जेटली बिहार मामलों के प्रभारी थे, तभी संजय झा एक ऐसे व्यक्ति के रूप में प्रमुखता से उभरे जो नीतीश और वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ समान सहजता और विश्वास के साथ जुड़े थे। ऐसे में राज्यसभा में झा के जाने का मतलब है कि वह राष्ट्रीय राजधानी में नीतीश के दूत के रूप में काम करेंगे, जब अगले कुछ महीनों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करनी होगी और गठबंधन को मजबूत बनाना होगा। वहीं, राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए के तीनों उम्मीदवार 14 फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगे। इनमें जदयू से पूर्व मंत्री संजय कुमार झा तथा भाजपा से पूर्व मंत्री भीम सिंह और नेत्री धर्मशीला गुप्ता शामिल हैं। विधानसभा के सचिव कक्ष में इन सभी उम्मीदवारो का नामांकन होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।


