September 20, 2026

हाजिर नहीं होने से ईडी से नहीं बच सकते लालू  : प्रभाकर मिश्र

  • प्रभाकर बोले- लालू एंड फैमिली को करनी का फल भुगतना ही होगा

पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने गुरुवार को राजद सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी को अपनी करनी का फल भोगना पड़ता है। राजद सुप्रीमो को भी अपनी करनी का फल अभी और भोगना है। मिश्र ने कहा कि सीबीआई के आरोपपत्र दायर करने और इस आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से लालू परिवार पर दबाव बढ़ा है। एके इन्फोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक अमित कात्याल की गिरफ्तारी के बाद परिवार पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रभाकर कुमार मिश्र ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि स्वास्थ्य का बहाना बनाकर लालू प्रसाद कब तक ईडी के सामने पेश होने से बचते रहेंगे। एक न एक दिन लालू को ईडी का सामना करना ही पड़ेगा और उन्हें सजा भुगतनी ही पड़ेगी। लालू अपने ख़राब स्वास्थ्य का हवाला देकर पहले बहुत बेजा लाभ उठा चुके हैं। ईडी और सीबीआई के सामने पेश होने के समय लालू बीमार हो जाते हैं और राजनीतिक बयानबाजी के समय उनकी तबीयत ठीक हो जाती है। लालू की नौटंकीबाजी को पूरा देश जानता है। लालू एंड फैमिली ने नौकरी देने के बदले जमीन हथियाने का जो गंदा खेल खेला है, वह भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर गया है। ऐसे लोगों के लिए जेल में ही जगह होनी चाहिए।

You may have missed