बक्सर में युवक की हत्या से सनसनी; धारदार हथियार से ली जान, प्रेम प्रसंग में वारदात की आशंका
बक्सर। बिहार के बक्सर जिले के धोबी घाट में एक युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसे घायल हालत में फेंक दिया गया। बताया जा रहा कि सोमवार की सुबह तक उसकी सांसें चल रही थी। राहगीरों ने देखा तो उसे आनन-फानन में हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 31 साल के रामेश्वर ओझा के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है। परिजन इस संबंध में कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिता संतोष ओझा ने कहा कि रविवार की दोपहर युवक अपने धर्मपुरा गांव से बक्सर स्थित नई बजार अपने फुआ के घर जाने के लिए निकला था। रात में किसी फंक्शन में शामिल होने के लिए गया था।तभी सुबह में जख्मी होने की सूचना मिली। धोबी घाट के 6 नंबर गली में तड़प रहा था। उसे वहां से उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने कहा कि किसी ने उसके सिर पर वार किया है। पिता ने बताया कि बेटे की शादी हो चुकी है। एक छोटी बेटी भी है। टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद मामले की जांच की जाएगी। चिकित्सकों के मुताबिक युवक की मौत अस्पताल पहुंचने के पहले ही हो चुकी थी। युवक के शरीर पर जख्म के निशान हैं। अंदेशा है कि पीट-पीट कर हत्या की गई है।


