तानाशाही सत्ता के खिलाफ एकजुट हो रही है समाजवादी ताकतें, संविधान पर हमला बर्दाश्त नहीं : उमेश कुशवाहा

पटना। बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा आयोजित ‘‘भाजपा हटाओ देश बचाओ’’ जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में देशभर की समाजवादी ताकतें एकजुट हो रही है। संविधान और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले राजनीतिक दलों ने एक साथ मिलकर संविधान विरोधी भाजपा को केंद्र की सत्ता से अपदस्थ करने का संकल्प लिया है। देश के हर कोने से नीतीश कुमार के प्रयास से बने ‘इंडिया’ गठबंधन को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार हिटलर की तानाशाही नीतियों से प्रभावित है। मोदी सरकार सत्ता में बने रहने के लिए जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है। जनता के पक्ष में आवाज बुलंद करने वाले विपक्ष के नेताओं के साथ अपराधी के भांति बर्ताव किया जा रहा है। जांच एजेंसियां एवं संवैधानिक संस्थाएं मोदी सरकार की कठपुतली बन चुकी है। भाजपा अपने सत्ता का दुरुपयोग लोकतंत्र को कुचलने एवं जनता की आवाज को दबाने के लिए कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘‘देश नहीं बिकने दूंगा’’ का नारा लगाकर देश की जनता से वोट लिया था लेकिन आज अनैतिक तरीके से देश की तमाम सरकारी संपत्तियों को चंद पूंजीपतियों के हाथों बेचा जा रहा है। वही देश की आम जनता रिकॉर्डतोड़ बेरोजगारी और कमरतोड़ महंगाई से बेदम हो चुकी है। भाजपा ने आम आदमी से वोट लेकर उन्हें ठगने का काम किया है। उन्होंने आगे कहा की पटना की यह क्रांतिकारी धरती इतिहास में कई बार सत्ता की परिवर्तन की धुरी रही है। एक बार फिर पटना की धरती से भाजपा मुक्त भारत का आह्वान हो चुका है। 2024 के चुनाव में तानाशाही भाजपा का सम्पूर्ण सफाया निश्चित है।
