October 28, 2025

पटना में मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण कार्यक्रम का डीएम ने किया शुभारंभ, 14 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

पटना। राजधानी पटना के न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल में सोमवार को मिशन इंद्रधनुष टीका कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बच्चों को वैक्सीन पिलाकर किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह मिशन इंद्रधनुष 5.0 है। 9 अक्टूबर से लेकर 14 अक्टूबर तक यह विशेष अभियान चलेगा। इस अभियान के तहत कुल 17 हजार 8 सौ बच्चे हैं, जो इस टीकाकरण से वंचित है। 3 हजार 2 सौ गर्भवती महिलाएं हैं, जिन्हें यह टीका देना है। इस अभियान के लिए 1800 से अधिक साइट्स को चुना गया है। हमारा टारगेट ग्रुप लगभग 21 हजार से अधिक लोगों का है। जिसे इस अभियान के तहत कवर किया जाएगा। यह अभियान गर्भवती महिला और बच्चों को नियमित टीकाकरण से आच्छादित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रतिबद्ध है। हाल के दिनों में डेंगू के मामले बिहार में बढ़ते जा रहे हैं। इसको लेकर डीएम ने कहा कि डेंगू के रोकथाम के लिए अस्पतालों में कई तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां जितने भी ब्लड बैंक है। उसके साथ हम लोगों ने मीटिंग किया है। वहां पर प्लेटलेट्स की व्यवस्था की गई है। डेंगू को लेकर सफाई और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रतिदिन यहां डेढ़ सौ से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। जिस पर हम लोग नजर बनाए हुए हैं। वही पटना में रविवार को 153 और राज्य में 286 डेंगू मरीज मिले है। जिसमें पाटलिपुत्र में 61, बांकीपुर में 20, कंकड़बाग में 11, नूतन राजधानी में 14, अजिमाबाद में 10, दानापुर में 4, फुलवारीशरीफ में 2, पटना सिटी में 2, मनेर में 1, बाढ़ में 1 मरीज मिला। इसके साथ ही पटना में मरीजों की संख्या 3174, तो राज्य में 8745 पर पहुंच गई है। राज्य के सरकारी अस्पतालों में 308 मरीज भर्ती हैं। पटना एम्स में 23, आईजीआईएमएस में 28, पीएमसीएच में 35, एनएमसीएच में 21 मरीजों का इलाज चल रहा है।

You may have missed