पटना में मोबाइल स्नैचिंग गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार, 5 मोबाइल समेत एक स्पोर्ट्स बाइक जब्त
पटना। राजधानी पटना में घूम-घूम कर लोगों से मोबाइल स्नैच करने वाले अपराधियों का एक गैंग पकड़ा गया है। पटना पुलिस ने एक साथ इस गैंग के 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से स्नैच की गई कुल 5 कीमती मोबाइल फोन को बरामद किया है। इनके पास से पुलिस ने उस स्पोर्ट्स बाइक को भी बरामद किया है, जिससे ये शातिर घूम-घूम कर पटना में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया करते थे। गिरफ्तार अपराधियों में मसौढ़ी का हर्ष राज, रंजीत राज, अविनाश कुमार, धनरुआ का चंदन राज और रवि राज शामिल है। इन सभी शातिरों की उम्र 20 से 24 साल के बीच की है। इन सभी को सचिवालय थाना की पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। वही इस तरह से गिरफ्त में आए शातिरबात 13 फरवरी को हुए मोबाइल स्नैचिंग के एक कांड से जुड़ी है। दरअसल, उस दिन भोजपुर जिले के उदवंतनगर के रहने वाले आदित्य कुमार का कीमती मोबाइल फोन पल्सर बाइक से आए दो अपराधियों ने विधानसभा के गेट के पास से ही उड़ा लिया था। इस मामले में सचिवालय थाना में केस दर्ज हुआ था। वही इसके बाद पुलिस ने अपनी पड़ताल शुरू की। उसी क्रम में सीसीटीवी फुटेज खंगाला। इसमें मिले शातिरों के फोटो से उनकी पहचान की गई। सबसे पहले पुलिस ने हर्ष राज की पहचान की। मसौढ़ी में छापेमारी कर उसे पकड़ा। इसके बाद उससे हुई पूछताछ और उसकी निशानदेही पर उसके 4 साथियों को पटना के न्यू सिपारा इलाके से गिरफ्तार किया है।


