30 अक्टूबर से बिहार में ‘खेलो बिहार’ प्रतियोगिता का होगा शानदार आगाज, फ्री रजिस्ट्रेशन जारी

बिहार के सभी जिलों में 107 दिनों तक होगा 10 तरह के खेलों का आयोजन


पटना। बिहार के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा खेल फाउंडेशन 30 अक्टूबर से खेलो बिहार प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। इस प्रतियोगिता के द्वारा बिहार की प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में एक नया मंच दिया जाएगा। उक्त बातें होटल रेड वैल्वेट में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान युवा खेल फाउंडेशन के अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा। श्री सिंह ने कहा कि हमारे बिहारी खिलाड़ी भी राष्ट्रीय तथा अंतराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर अपने राज्य का नाम रौशन करें। इन्हीं छुपी हुई प्रतिभाओं को खोजने के लिए 30 अक्टूबर से बिहार के 38 जिलों में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 107 दिनों तक चलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए फाउंडेशन के वेबसाइट पर फ्री रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
वहीं फाउंडेशन के सचिव कुंदन सिंह ने बताया कि इस खेल प्रतियोगिता में कुल 10 तरह के खेलों जैसे फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, हाई जम्प, लांग जम्प, टेनिस, बैडमिंटन, खोखो तथा ट्रैक एवं फील्ड रेसिंग की प्रतिस्पर्धाएं शामिल हैं। इसमें पहले बिहार के 38 जिलों में प्रतियोगिता के द्वारा खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, उसके बाद जोनल लेवल पर खेलो बिहार का आयोजन होगा और अंत में प्रादेशिक स्तर पर फाइनल प्रतियोगिता के द्वारा प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करेंगे। इसमें 15 साल से ऊपर के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इस मौके पर संस्था के उपाध्यक्ष कैप्टन आर्यन सिन्हा, कोषाध्यक्ष रवि रंजन सिंह राठौर, संयुक्त सचिव विनय साही सहित खेलो बिहार के आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed