ओडिशा रेल हादसे में अबतक बिहार के 3 लोगों की मौत, अन्य 16 घायल

पटना। ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे में बिहार के 3 लोगों की भी मौत हुई है। 16 के घायल होने की अभी तक सूचना मिली है। इसमें सबसे ज्यादा पूर्वी चंपारण के 12 लोग घायल हैं। जमुई के भी 2 लोगों की मौत और 4 के घायल होने की जानकारी मिल रही है। एक लापता बताया जा रहा है। हादसे में रक्सौल अनुमंडल के रामगढ़वा थाना इलाके के 8 लोग घायल हैं। यहां के भी एक शख्स की मौत हुई है। सभी मजदूर थे। काम के लिए केरल जा रहे थे। मामूली घायल यात्रियों को ट्रेन से हावड़ा लाया गया है। यहां से सभी को अपने-अपने घर भेजा रहा है। बिहार के दानी चौपाल ने बताया कि मैं S1 डिब्बे में था। बचने की कोई उम्मीद नहीं थी, गाड़ी पूरी उलट गई थी। मैं बिहार से चेन्नई जा रहा था। मैं चेन्नई में एक कपड़ा दुकान में काम करता हूं। रक्सौल के चिकनी गांव निवासी भुवन पटेल के बेटे राजा पटेल की मौत हुई है। इसी गांव के आठ मजदूर और घायल हैं। सभी की उम्र 26 से 32 साल के बीच की है। मृतक के परिजनों ने कहा कि 1 जून को सभी केरल के लिए निकले थे। वहां पेंटर का काम करते हैं। सभी एक ही कोच में बैठे थे। हादसे के बाद घायल मजदूरों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजन कह रहे हैं कि सरकारी मदद नहीं मिल रही। शव लाने के लिए स्थानीय एंबुलेंस वाले 45 हजार रुपए किराया मांग रहे हैं। इतना भाड़ा कहां से लाएं। मृतक राजा पटेल के पिता बुधन पटेल ने कहा कि एक साल पहले बेटे की शादी हुई थी। उसका एक बेटा भी है। घर में कमाने वाला सिर्फ वही था। अब परिवार और बच्चे का भरण-पोषण कैसे होगा। जब से हादसे की खबर मिली है, गांव में मातम का माहौल है। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
राजद ने मांगा रेल मंत्री का इस्तीफा
रेल हादसे पर राजद ने दो ट्वीट किए हैं। पहले ट्वीट में लिखा है ‘कवच’ में भी कांड हो गया? मोदी सरकार के लिए बस ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों में ही इंसान चलते हैं। अगर रेल मंत्री में कुछ नैतिकता और आत्मग्लानि हो तो इतने परिवारों के बर्बाद होने पर तुरंत इस्तीफा दें! दुःखद रेल हादसा। दूसरे ट्वीट में लिखा कि एक दौर था जब देश रेल मंत्री का नाम जानता था। रेल बजट अलग पेश होता था। रेलवे का निजीकरण नहीं हुआ था। युवाओं को रेलवे में लाखों नौकरियां मिलती थी। अब कोई रेल मंत्री को नहीं जानता! सारी हरी झंडी केवल और केवल एक आत्ममुग्ध प्रचारमंत्री दिखाता है।

About Post Author

You may have missed