August 25, 2026

PATNA : दो वाहन चोरों को पकड़ भीड़ ने जमकर की पिटाई, जूता और चप्पल की माला पहनाकर घूमाया, पुलिस का नहीं था अता-पता

पटना। राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ में भीड़ ने रंगे हाथ दो शातिर चोरों को पकड़ फैसला आॅन द स्पॉट कर दिया। भीड़ ने पकड़े गए दोनों शातिरों की जमकर पिटाई की। भीड़ ने उनके कपड़े तक फाड़ दिए। इसके बाद भी भीड़ का मन नहीं भरा तो लोगों ने जूता और चप्पल की माला बनाकर दोनों को पहनाया और पूरे इलाके में घूमाया। काफी देर तक यह सब चलता रहा। मगर, पुलिस को न तो इस बात की जानकारी हुई और न ही किसी ने सूचना देना उचित समझा।
पीरबहोर थाना क्षेत्र में अबु फर्करूद्दीन प्लाजा के पास में एक साथ कई बाइक लगी हुई थी। उसी बीच में एक बुलेट भी लगी थी। इन बाइकों के आस पास काफी देर से दो युवक मंडरा रहे थे। उनकी नजर वहां खड़ी बुलेट पर थी। दोनों युवक मौका मिलते ही बुलेट पर हाथ साफ करने की कोशिश की। बुलेट चोरी करने के प्रयास के दौरान ही कुछ लोगों ने रंगे हाथ दोनों शातिर चोरों को देख लिया। इसके बाद दोनों बुलेट छोड़कर भागने लगे। भाग रहे दोनों युवकों को मौके पर मौजूद लोगों ने धर दबोचा। इसके बाद भीड़ ने काफी देर तक दोनों चोरों की पिटाई की। वहीं दोनों चोर भीड़ से छोड़ देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन भीड़ ने उनकी एक न सुनी। यहां तक की आक्रोशित भीड़ ने पिटते-पिटते दोनों के कपड़े फाड़ डाले। इतने से भी मन नहीं भरा तो जूता और चप्पल की माला बनाकर दोनों के गले में लटका कर लोग इन्हें इलाके में घूमाते रहे। काफी देर तक भीड़भाड़ वाले इस इलाके में सड़क पर तमाशा चलता रहा। लेकिन, पीरबहोर थाने की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में पुलिस को मामले की जानकारी हुई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

You may have missed