सुशील मोदी ने लालू परिवार पर किया ट्विटर अटैक : कहा- लालू कैसे लिए एमएलए को-आपरेटिव के 5 प्लॉट्स
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव का आखिरी चरण का मतदान 7 नवंबर को होना है। इसे लेकर पक्ष-विपक्ष एक दूसरे पर पूरी तरह से हमलावर है। ऐसे में लालू परिवार के घोर विरोधी के तौर पर माने जाने वाले बिहार के उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने एक बार फिर लालू परिवार पर ट्विटर अटैक किया है। मोदी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से पूछा है कि लालू प्रसाद ने एमएलए को-आपरेटिव के पांच प्लॉट्स कैसे आवंटित करा लिए। गुरुवार को ट्वीट कर हमला बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लालू प्रसाद व उनका परिवार एक साथ एमएलए को-आपरेटिव के पांच प्लाट्स के मालिक बन गए। जब लालू प्रसाद को वर्ष 1992 में एमएलए को-आपरेटिव का प्लॉट संख्या 208 आवंटित किया गया था तो फिर एमएलसी बनाने के एवज में बादशाह प्रसाद आजाद से दूसरा प्लॉट संख्या 207 अपने नाम क्यों लिखवा लिया।
मोदी ने आगे कहा कि राबड़ी देवी के प्लॉट के बगल की प्लॉट संख्या 210 जो सामुदायिक भवन के लिए चिन्हित था, उसे साधु यादव को क्यों आवंटित किया गया। क्या मकसद यह नहीं था कि उस प्लॉट का इस्तेमाल भी लालू परिवार करें। लालू प्रसाद बताएं कि आवासीय उपयोग के लिए आवंटित प्लॉट संख्या 208 का व्यवसायिक इस्तेमाल कर लीज की शर्त्तों व नियमों की धज्जियां उड़ा कर लाखों रुपए क्यों कमाते रहे हैं। नियमत: एमएलए को-आपरेटिव में जब एक प्लॉट आवंटित करने का प्रावधान है तो लालू प्रसाद ने पांच प्लॉट्स कैसे ले लिया।


