शाहनवाज हुसैन और मुकेश सहनी ने ली MLC पद की शपथ, CM नीतीश से रहे मौजूद

पटना। नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य शाहनवाज हुसैन और पशुपालन व मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश साहनी ने शुक्रवार को विधान परिषद की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दोनों सदस्यों को शपथ दिलाई। शाहनवाज हुसैन ने उर्दू में तो मुकेश साहनी ने हिंदी में शपथ ली। शाहनवाज हुसैन का परिषद सदस्य के रूप में कार्यकाल मई 2024 तक होगा जबकि मुकेश सहनी का कार्यकाल जुलाई 2022 में समाप्त होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा के अलावा की मौजूदगी में सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री विजय चौधरी, पर्यटन मंत्री जीवेश मिश्रा, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार और विधान परिषद सदस्य संजय मयूख समेत कई विधान परिषद सदस्य मौजूद रहे।


बता दें भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन और वीआइपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी इसी महीने विधान परिषद के लिए निर्वाचित हुए हैं। सुशील मोदी के राज्यसभा जाने और विनोद नारायण झा के विधायक बनने के बाद दोनों सीटें रिक्त हुई थीं। रिक्त सीटों पर दोनों नेताओं ने नामांकन किया था। उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
शाहनवाज के मंत्री बनने की चर्चा
शाहनवाज हुसैन पहली बार बिहार विधान परिषद के सदस्य बने हैं। हालांकि, इसके पहले वे केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। शाहनवाज को लेकर सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि नीतीश सरकार में उन्हें मंत्री पद सौंपा जा सकता है। इसी वजह से बिहार विधान परिषद में उनका प्रवेश कराया गया है। वहीं मुकेश सहनी इसके पूर्व किसी भी सदन के सदस्य नहीं रहे हैं। वे पहली बार उच्च सदन के सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

About Post Author

You may have missed