लोजपा ले डूबी नीतीश कैबिनेट के 7 मंत्रियों को, जदयू के 5 और भाजपा के 2 हारे

पटना। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने अगर सबसे ज्यादा किसी को डैमेज किया है तो वह जदयू। अपनी रणनीति के तहत लोजपा ने नीतीश कैबिनेट के 7 मंत्रियों की उम्मीदों पर पानी फेरा है। जदयू के 5 मंत्री समेत नीतीश कैबिनेट के 7 मंत्री चुनाव हार गए हैं। इनमें भाजपा कोटे के दो मंत्री सुरेश शर्मा और बृजकिशोर बिंद शामिल हैं।
नीतीश कैबिनेट के ये मंत्री हारे
कृष्णनंदन वर्मा- जहानाबाद के घोसी विधानसभा से सीट बदल कर जहानाबाद गए बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा चुनाव हार गए हैं। यहां से राजद के सुदय यादव ने उन्हें पटखनी दी है। शिक्षा मंत्री के सीट बदलकर जहानाबाद जाने को लेकर वहां की जनता ने विरोध किया था। यहां तक कि कृष्णनंदन वर्मा के सामने जहानाबाद की जनता ने खरी-खरी सुनाई थी।
सुरेश कुमार शर्मा – नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा को मुजफ्फरपुर सीट से कांग्रेस के विजेंद्र चौधरी ने हराया है। मंत्री सुरेश शर्मा की हार का बड़ा कारण मुजफ्फरपुर में जलजमाव बना। कहा जा रहा है कि मंत्री जी को पानी ले डूबा। मुजफ्फरपुर में इस बरसात में बड़ी नारकीय स्थिति हो गई थी। बताया जा रहा है कि लोगों का यही गुस्सा इस बार मतदान में खुल कर दिखा है।
जय कुमार सिंह – जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री जय कुमार सिंह चुनाव हार गए। रोहतास के दिनारा सीट से लगातार जीत रहे जय कुमार सिंह की हार की वजह भाजपा से लोजपा में गये राजेंद्र सिंह हैं। हालांकि राजेंद्र सिंह जदयू के वोट में सेंधमारी करने के बावजूद चुनाव हार गए हैं। दिनारा से राजद के विजय कुमार मंडल ने जीत हासिल की है। राजेंद्र सिंह ने दिनारा से चुनाव लड़ने की तैयारी काफी पहले से कर रखी थी, लेकिन भाजपा ने यह सीट जदयू को दिया तो राजेंद्र सिंह बागी होकर लोजपा से चुनाव लड़ गए। नतीजा ना राजेंद्र जीते और ना ही जय कुमार सिंह को जीतने दिया। इस लड़ाई में तीसरे को फायदा हो गया।
संतोष कुमार निराला – राजपुर विधानसभा सीट से मंत्री संतोष कुमार निराला चुनाव हार गए हैं। 2015 की नीतीश सरकार में संतोष कुमार निराला परिवहन मंत्री रहे हैं। वे कांग्रेस के विश्वनाथ राम से चुनाव हारे हैं। यहां से भी लोजपा के प्रत्याशी निर्भय निराला ही हार की वजह बने।
शैलेश कुमार- ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार जमालपुर से हार गए हैं। शैलेश कुमार कांग्रेस के अजय कुमार सिंह से चुनाव हारे हैं। यहां भी हार की वजह लोजपा ही रही। इस हार में लोजपा के दुर्गेश कुमार ने बड़ी भूमिका निभाई।
रामसेवक सिंह – हथुआ से जदयू विधायक व समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह अपने क्षेत्र से चुनाव हार गए हैं। लोजपा से रामदरस प्रसाद की वजह से ये चुनाव हारे हैं। यहां राजद के राजेश सिंह ने चुनाव जीता है।
बृज किशोर बिंद – खनन मंत्री बृज किशोर बिंद चैनपुर से चुनाव हार गए हैं। चुनाव प्रचार में गए थे तो मतदाताओं से कहा कि जब वो यहां से विधायक थे, तो किसी प्रकार की मुसीबत नहीं थी, लेकिन हम हार गए तो यहां अकाल आ जाएगा, फसलें खराब हो जाएगी। ये विडियो तुरंत वायरल हो गया। मतदाताओं को ये पसंद नहीं आया और जनता ने उन्हें चुनाव हरा दिया।

About Post Author

You may have missed