BIHAR : राज्यपाल मनोनयन की 12 सीटों में से 6 भाजपा के खाते में!, कल लग सकती है नामों पर मुहर

पटना। बिहार विधान परिषद् के राज्यपाल कोटे की सीटों पर मनोनयन का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। राज्यपाल मनोनयन की 12 सीटों में से 6 भाजपा के खाते में गई है। पार्टी से मिल रही अंदरूनी खबरों के मुताबिक, इन 6 सीटों पर भाजपा ने नाम लगभग तय कर लिए हैं लेकिन नामों की इस लिस्ट पर अब तक पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने नजर नहीं डाली है। ऐसा माना जा रहा है कि कल भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की होने वाली बैठक में इन नामों पर मुहर लग जाएगी। इस बैठक में पीएम मोदी और अमित शाह मौजूद रहेंगे। बता दें देश में कोविड महामारी फैलने के बाद भाजपा की यह पहली बड़ी बैठक है। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले पार्टी की यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पहले यह बैठक 14 फरवरी को होनी थी, जिसकी तारीख बाद में बढ़ाकर 21 फरवरी कर दी गई थी।
संगठन मंत्रियों की हुई बैठक
इधर, शनिवार को भाजपा के देशभर के संगठन मंत्रियों की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में सभी संगठन मंत्रियों से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी ली गई। इसमें बिहार से संगठन मंत्री नागेन्द्रनाथ और सह संगठन मंत्री शिवनारायण हिस्सा लिए।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक कल
21 फरवरी को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होनी है। यह बैठक दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 बजे से शुरू होगी। बैठक में भाजपा के देशभर के प्रदेश अध्यक्षों के साथ ही प्रदेश प्रभारी और संगठन महामंत्री मौजूद रहेंगे। जेपी नड्डा के साथ ही भाजपा के सभी प्रमुख पदाधिकारी और पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य इसमें शामिल होंगे। बिहार से इसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और भूपेन्द्र यादव के साथ ही संगठन मंत्री नागेन्द्र नाथ मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में पार्टी संगठन को लेकर मंथन करेगी। बैठक के बाद पीएम और गृह मंत्री के साथ पार्लियामेंट्री बोर्ड की अनौपचारिक बैठक हो सकती है, जिसमें विभिन्न राज्यों से जुड़े अलग-अलग फैसले के साथ ही बिहार से संबंधित राज्यपाल मनोनयन मामले पर भी फैसला लिया जाएगा।

About Post Author

You may have missed