BIHAR : राजद के सभी कार्यक्रम 7 दिनों तक स्थगित, रघुवंश सिंह के निधन पर श्रद्धाजंली सभा आयोजित

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय में समाजवादी नेता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह के असामयिक निधन पर प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह की अध्यक्षता में श्रद्धाजंली सभा हुई। श्रद्धाजंली सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने रघुवंश बाबू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की। उनके चित्र पर फूल-माला चढ़ाकर श्रद्धाजंली अर्पित की गई। इस अवसर पर सैकड़ों नेताओं और कार्यकार्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धाजंली दी। तेजस्वी यादव ने उन्हें अभिभावक बताते हुए कहा कि कठिन से कठिन समय में भी वे अच्छे विचार देकर पार्टी को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ते थे। उनके निधन से बिहार सहित पूरे देश में राजद परिवार मर्माहत है। उनके निधन से पार्टी की अपूर्णिय क्षति हुई। उनके सम्मान में 7 दिनों का शोक है तथा पार्टी का झंडा झुका रहेगा। इस अवधि में सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
श्रद्धाजंली अर्पित करने वालों में डॉ. कान्ति सिंह, डॉ. तनवीर हसन, आलोक कुमार मेहता, भोला यादव, शिवचन्द्र राम, मुनेश्वर चौधरी, डॉ. विनोद कुमार यादवेन्दु, मृत्युजंय तिवारी, चन्देश्वर प्रसाद सिंह, मदन शर्मा, निराला यादव, निर्भय अम्बेडकर, रणविजय साहू, डॉ. उर्मिया ठाकुर, देवकिशुन ठाकुर सहित सैकड़ों नेताओं-कार्यकर्ताओं ने श्रद्धाजंली अर्पित की।
लालू, राबड़ी समेत राजद नेताओं ने जताया गहरा शोक
इधर, राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह के असामयिक निधन पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सह विधायक तेजप्रताप यादव, सांसद डॉ. मीसा भारती, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, अब्दुलबारी सिद्दिकी, रमई राम, उदय नारायण चौधरी, श्याम रजक, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, डॉ. विनोद कुमार यादवेंदु, सूर्यदेव राय, शफीक खां, प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कान्ति सिंह, प्रवक्ता चितरंजन गगन, मृत्युजंय तिवारी आदि नेताओं ने अपने शोक संदेश में कहा कि रघुवंश बाबू पार्टी के देश स्तर के नेता थे। वे समाजवादी नेता थे। जो डॉ. राम मनोहर लोहिया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, जननायक कर्पूरी ठाकुर के पद चिन्हों पर चलकर पार्टी को मजबूत एवं समरस समाज बनाने में सड़क से लेकर संसद तक आजीवन संघर्ष करते रहे। पार्टी के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। वे बिहार तथा केन्द्र सरकार में कई विभाग के मंत्री थे। वे कई बार बेलसंड विधानसभा क्षेत्र से विधायक तथा वैशाली लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे।
बता दें आज उनका निधन दिल्ली एम्स में हृदय गति रूकने के कारण हो गया। उनके निधन का दुखद समाचार मिलते ही राजद कार्यालय का झंडा आधा झुका दिया गया। दुख की इस घड़ी में मृत आत्मा की चिरशांति तथा परिजन एवं इष्टमित्र को दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

About Post Author

You may have missed